जमुई/बिहार। जमुई चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील कुमार वर्णवाल एवं सचिव नितेश कुमार केशरी ने नवपदस्थापित सदर एसडीपीओ दीप्ति मोनली से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान चैंबर पदाधिकारियों ने एसडीपीओ को शॉल एवं पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने शहर की विभिन्न समस्याओं से एसडीपीओ को अवगत कराया। विशेष रूप से शहर की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं बाजारों में बढ़ती भीड़ को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। चैंबर पदाधिकारियों ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सुरक्षा की दृष्टि से सभी व्यवसायियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। चैंबर पदाधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया, ताकि बाजार में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। इसके अलावा शहर में रात्रि गश्ती व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की गई, जिससे चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस प्रशासन से अपेक्षित सहयोग की बात कही। चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि व्यवसायियों के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सदर एसडीपीओ दीप्ति मोनली ने चैंबर प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा पुलिस प्रशासन और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर चैंबर के कार्यकारिणी सदस्य राजेश वर्मा एवं सूरज वर्णवाल भी मौजूद रहे।







