सोनो : सखी वार्ता कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति किया जागरूक - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 12 सितंबर 2026

सोनो : सखी वार्ता कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति किया जागरूक

सोनो (जमुई)। महिला एवं बाल विकास निगम, जमुई के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) के तत्वावधान में शुक्रवार को +2 जवाहर उच्च विद्यालय, डुमरी राजपुर, सोनो में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार, आत्मनिर्भरता तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकास कुमार तथा अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर (OSC), झाझा की केस वर्कर मानसी भारती उपस्थित रहीं। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को महिलाओं और बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी।

मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित संबल एवं सामर्थ्य से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं के बारे में बताया गया। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर (OSC-सखी), महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत, शक्ति सदन, सखी निवास सहित महिला सुरक्षा, सहायता एवं सशक्तिकरण से संबंधित सेवाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता एवं आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) समेत बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से संबंधित सरकार की विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की गई। उपस्थित छात्राओं को योजनाओं का उद्देश्य बताते हुए पात्र लाभुकों को निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

वन स्टॉप सेंटर की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। जरूरत पड़ने पर महिलाओं एवं बालिकाओं को संबंधित सेवाओं का उपयोग करने तथा समय रहते सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि DHEW के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जाता है। इसके माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ जरूरतमंद महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाता है।

साइबर सुरक्षा को लेकर भी किया गया जागरूक
सखी वार्ता के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से होने वाले साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को ओटीपी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी एवं अन्य संवेदनशील विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन और टोल-फ्री सेवाओं के माध्यम से सहायता लेने के बारे में भी जानकारी दी गई।

बाल विवाह के विरुद्ध दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध को लेकर भी विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाया गया। छात्र-छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल देते हुए आसपास बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग अथवा सक्षम प्राधिकार को सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकार सुनिश्चित करने के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही। सखी वार्ता के माध्यम से विद्यार्थियों को महिला एवं बालिका सुरक्षा, अधिकार, सरकारी योजनाओं, साइबर सुरक्षा तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment