गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 5 सितंबर 2026, शनिवार : गिद्धौर थाना क्षेत्र के केतरु नवादा गांव में धान की हरी फसल में मवेशियों के चले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने तथा चारपहिया वाहन को ईंट-पत्थर से क्षतिग्रस्त करने और वाहन में रखे ₹20 हजार नकद ले जाने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर केतरु नवादा निवासी शिवनंदन यादव, पिता सीताराम यादव ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर नामजद लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
थाना में दिए आवेदन के अनुसार, घटना 3 सितंबर 2026 को करीब दोपहर 2 बजे की है। शिवनंदन यादव का आरोप है कि गांव के कुछ लोग अपने बकरी, गाय और भैंस को लेकर उनकी धान की हरी फसल में चले गए, जिससे फसल को नुकसान पहुंचा। जब उन्होंने मवेशियों को फसल में जाने से रोकने और इस संबंध में संबंधित लोगों से बात करने का प्रयास किया तो विवाद बढ़ गया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान रानी देवी, सौरभ कुमार, रीता यादव, मोहनी देवी, राजेश यादव, मूला देवी, छटनकी यादव, सोनी यादव, बहादुर यादव, संजीत यादव समेत अन्य लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि रानी देवी ने उसके संवेदनशील अंग को कथित रूप से जोर से दबा दिया, जिससे वह अत्यधिक दर्द के कारण बेहोश हो गया।
शिवनंदन यादव ने आरोप लगाया है कि इसके बाद संजीत यादव और सौरभ यादव ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला करने का प्रयास किया, जबकि अन्य आरोपितों ने लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर से उस पर हमला किया। किसी तरह वहां से भागकर उसने अपनी जान बचाई।
चारपहिया वाहन में तोड़फोड़ और नकदी ले जाने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसकी चारपहिया गाड़ी को ईंट-पत्थर से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया तथा वाहन का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद वाहन में रखे ₹20 हजार नकद निकाल लेने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, क्षतिग्रस्त वाहन का नंबर BR-01P-4633 है।
घटना के बाद घायल शिवनंदन यादव को तत्काल उपचार के लिए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया गया।
शिवनंदन यादव ने गिद्धौर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर घटना की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई तथा मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।







