गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 26 अगस्त 2026, बुधवार : सावन माह में शिवभक्तों की सेवा को लेकर गिद्धौर की सनातन संस्कृति सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने मुंगेर जिले के संग्रामपुर प्रखंड अंतर्गत कुमरसार गांव में कांवरिया सेवा शिविर आयोजित कर डाक बम एवं अन्य कांवरियों की सेवा की। इस दौरान समिति के कार्यकर्ताओं ने शिवभक्तों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हुए सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कुमरसार गांव कांवरिया पथ का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। यहां से प्रसिद्ध कुमरसार नदी भी होकर गुजरती है, जिसके कारण सावन के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में कांवरियों एवं डाक बमों का आवागमन होता है। गंगा जल लेकर विभिन्न शिवालयों की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए समिति के कार्यकर्ता दिनभर तत्पर रहे।
सेवा शिविर में थके-मांदे कांवरियों को शरबत, चाय और फल उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा पैदल यात्रा के दौरान होने वाली शारीरिक थकान और पैरों की तकलीफ को देखते हुए ठंडा तेल एवं दर्दनिवारक स्प्रे आदि की भी व्यवस्था की गई। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को प्राथमिकता देते हुए लगातार उनकी सहायता की।
कांवरिया सेवा में सनातन संस्कृति सेवा समिति के बिट्टू कुमार रावत, रॉकी कुमार, राकेश कुमार, ठाकुर अंकित, अंजेश कुमार, नीतीश कुमार गट्टू, संतोष पंडित, राजा रजक, पवन पंडित सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
समिति के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सावन माह में कांवरियों और डाक बमों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य एवं सामाजिक-धार्मिक दायित्व का विषय है। शिवभक्तों की सेवा के माध्यम से समिति ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा का संदेश भी दिया। कांवरिया पथ पर समिति के कार्यकर्ताओं की इस सेवा पहल की स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने सराहना की।







