मौरा/गिद्धौर (Maura/Gidhaur), 15 अगस्त 2026, शनिवार : गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत मौरा पंचायत के अलखपुरा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा। इसके पूर्व प्रभात फेरी निकाली गई। जो विभिन्न रास्तों से होते हुए विद्यालय पहुंची।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य आशीष कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आज की युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों का दायित्व है कि वे स्वतंत्रता के मूल्यों को समझें और शिक्षा, अनुशासन, ईमानदारी एवं मेहनत के माध्यम से देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समारोह में विद्यालय की शिक्षिका रेखा कुमारी, शिक्षक फिरदौश अंसारी, राहुल कुमार, संजीव कुमारी तथा वार्ड सदस्य नारायण यादव सहित अन्य उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव, उमंग और देशभक्ति का माहौल बना रहा। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति कर्तव्य की भावना को मजबूत करना रहा।







