बरहट/जमुई (Barahat/Jamui), 27 अगस्त 2026, गुरुवार। जिले के बरहट प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा पत्नेश्वर धाम मंदिर में सावन माह की अंतिम सोमवारी पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के तीन बजे से ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजता रहा। दूर-दराज से पहुंचे हजारों कांवरियों एवं श्रद्धालुओं ने बाबा पत्नेश्वर नाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल-फूल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कीं। कई श्रद्धालुओं ने सावन सोमवारी का व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन एवं स्थानीय जनसेवा समिति के स्वयंसेवकों की ओर से पेयजल, प्रसाद वितरण और बैठने की विशेष व्यवस्था की गई थी। वहीं, बड़ी संख्या में वालंटियर पूरे दिन श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर में मलयपुर पुलिस, जिला प्रशासन एवं जिला बल के जवानों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन एवं पूजा-अर्चना कराई।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन प्राधिकार की ओर से कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था की गई, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंदिर के पुजारी राजीव पांडे ने बताया कि अंतिम सोमवारी के अवसर पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। धार्मिक मान्यता है कि सावन की सोमवारी पर सच्चे मन से बाबा का जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। अंतिम सोमवारी होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ पूर्ववर्ती सोमवारियों की अपेक्षा अधिक रही।







