गिद्धौर/जमुई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार ने जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल सिटिजन ऑर्गेनाइजेशन को राज्यस्तरीय सम्मान से सम्मानित किया। संगठन के संस्थापक एवं बिहार-झारखंड के प्रख्यात नेत्र चिकित्सक, गिद्धौर निवासी डॉ. एन. डी. मिश्रा को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिह्न प्रदान किया गया।
राजधानी रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में 11 जुलाई को आयोजित सम्मान समारोह में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री इरफान अंसारी ने डॉ. मिश्रा को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन के क्षेत्र में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
समारोह में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, परिवार नियोजन कोषांग की राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
सरकार ने किया कार्यों का संज्ञान
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. एन. डी. मिश्रा ने कहा कि जनसंख्या में असंतुलित एवं गैर-अनुपातिक वृद्धि पर नियंत्रण के लिए संगठन द्वारा वर्षों से चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों और परिवार नियोजन संबंधी प्रयासों का झारखंड सरकार द्वारा संज्ञान लिया जाना उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना तथा प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है।
जागरूकता अभियान रहेगा जारी
डॉ. मिश्रा ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार नागरिकता को बढ़ावा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल सिटिजन ऑर्गेनाइजेशन पिछले कई वर्षों से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है और आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान संगठन के सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने झारखंड सरकार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा कार्यक्रम के आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
गिद्धौर में खुशी का माहौल
डॉ. एन. डी. मिश्रा को राज्यस्तरीय सम्मान मिलने पर उनके गृह क्षेत्र गिद्धौर में खुशी की लहर है। क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. मिश्रा के नेतृत्व में संगठन भविष्य में भी जनस्वास्थ्य, परिवार नियोजन एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।







