गिद्धौर/जमुई, 26 जुलाई 2026, रविवार। प्रखंड के पतसंडा पंचायत अंतर्गत सोनार टोला स्थित प्राचीन काली मंदिर में वार्षिक पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में शनिवार को संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना का विधिवत संचालन मंदिर के पुरोहित राज गौरव ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कराया। पूजा के दौरान पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप माता काली को बली भी अर्पित की गई।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने माता काली की आराधना कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
इस धार्मिक आयोजन की व्यवस्था एवं संचालन की जिम्मेदारी युवा समाजसेवी शैलेश स्वर्णकार के नेतृत्व और देखरेख में की गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष परंपरागत रूप से इस पूजा का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर माता काली का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
वार्षिक पूजा में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली तथा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







