- 2022-23 से 2025-26 तक के वित्तीय अभिलेखों का हुआ अंकेक्षण
- जनकल्याण के लिए दंडवत साधना का भी लिया संकल्प
गिद्धौर (जमुई)। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद, पटना से निबंधित बाबा कोकिलचंद धाम मंदिर ट्रस्ट तथा भारतीय न्यास अधिनियम के तहत निबंधित बाबा कोकिलचंद विचार मंच ट्रस्ट, गंगरा (जमुई) का वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक का ऑडिट कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया है। पटना की प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म संजय कुमार झा एंड एसोसिएट्स द्वारा मार्च 2022 से मार्च 2026 तक के वित्तीय अभिलेखों का अंकेक्षण कर ऑडिट रिपोर्ट जारी की गई, जिसे मंदिर सचिव सह मंच संयोजक चुन-चुन कुमार को सौंपा गया।
ऑडिट रिपोर्ट बाबा कोकिलचंद के चरणों में की गई समर्पित
ऑडिट कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार की शाम बाबा कोकिलचंद धाम मंदिर परिसर में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ऑडिट रिपोर्ट को बाबा कोकिलचंद के चरणों में समर्पित कर नैवेद्य अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को ऑडिट प्रतिवेदन का अवलोकन भी कराया गया।
23 अगस्त को दंडवत साधना, 24 अगस्त को होगा तीसरा सामूहिक रुद्राभिषेक
मंदिर सचिव चुन-चुन कुमार ने बताया कि गत वर्ष मंदिर के गुम्बद की ढलाई, बिहार के मुख्यमंत्री को गंगरा गांव को आदर्श ग्राम तथा बाबा कोकिलचंद धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने संबंधी आवेदन सौंपने एवं बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद से मंदिर के निबंधन की सफलता के उपलक्ष्य में उन्होंने बाबा मारण से बाबा कोकिलचंद धाम तक दंडवत साधना समर्पित की थी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी समय पर ऑडिट सम्पन्न होने तथा मंदिर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होने की मंगलकामना के साथ जनकल्याण हेतु पुनः दंडवत साधना एवं सामूहिक रुद्राभिषेक का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि 23 अगस्त 2026 (रविवार) को बाबा मारण अर्थात बाबा कोकिलचंद की पुण्यभूमि जामु काबर से बाबा कोकिलचंद धाम मंदिर, गंगरा तक दंडवत साधना प्रारंभ की जाएगी। इसके अगले दिन 24 अगस्त 2026 (सावन का अंतिम सोमवार) को दंडवत साधना पूर्ण होने के उपरांत संध्या बेला में मंदिर परिसर में तीसरे सामूहिक रुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इस अनुष्ठान की सफलता के लिए बाबा से प्रार्थना करते हुए क्षेत्र के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ऑडिट दस्तावेज संबंधित विभागों को सौंपने का निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ऑडिटर द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑडिट दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की एक-एक प्रति अध्यक्ष-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद, पटना को समर्पित की जाएगी।
उपस्थित रहे पदाधिकारी और ग्रामीण
कार्यक्रम में मंदिर के उपाध्यक्ष गोपाल सिंह, सचिव चुन-चुन कुमार, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार, सदस्य गुड्डू कुमार, निरंजन कुमार, विजय पांडेय, अरविंद कुमार, सुबोध सिंह, हरेराम रावत, विष्णु पांडेय, नीरज कुमार पांडेय, मुखिया प्रतिनिधि कल्याण सिंह, उपेंद्र सिंह, रविन्द्र सिंह, गोपीनाथ पंकज, शैलेन्द्र कुमार, सुधाकर पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







