बरहट : CRPF 215 बटालियन में श्रद्धा-उल्लास के साथ मनाया गया भगवान श्री जगन्नाथ का पुनरागमन - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

सोमवार, 27 जुलाई 2026

बरहट : CRPF 215 बटालियन में श्रद्धा-उल्लास के साथ मनाया गया भगवान श्री जगन्नाथ का पुनरागमन

बरहट/जमुई। बरहट प्रखंड अंतर्गत सीआरपीएफ 215 बटालियन, पुलिस लाइन मलयपुर परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ जी के नौ दिवसीय मौसी घर प्रवास के उपरांत शुक्रवार को उनके पुनः मंदिर आगमन के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और अधिकारी, जवान तथा उनके परिवारजन भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की आराधना में लीन दिखाई दिए। 

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद उनके मंगलमय पुनरागमन का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में सीआरपीएफ 215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल, द्वितीय कमांड अधिकारी सुरेंद्र सिंह, राजेश कुमार, अरविंद कुमार ठाकुर, रमेश कुमार, देवेश कुमार सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं उनके परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति रस से ओत-प्रोत भजन-कीर्तन, सामूहिक आरती, प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के जयकारों के बीच पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। धार्मिक आयोजन में शामिल सभी लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।

इस अवसर पर कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की यह पावन यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि मानव जीवन को सत्य, सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश भी देती है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे तथा सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण भाव से करें। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment