झाझा में जल्द शुरू होगा ‘जीविका दीदी हाट’, 20 से 25 महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

सोमवार, 27 जुलाई 2026

झाझा में जल्द शुरू होगा ‘जीविका दीदी हाट’, 20 से 25 महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार

जमुई/बिहार। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जमुई जिला प्रशासन एवं जीविका ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी कड़ी में जमुई सदर प्रखंड के झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन में जल्द ही ‘जीविका दीदी हाट’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस हाट का संचालन स्वाभिमान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इसके शुरू होने से जिले की 20 से 25 जीविका दीदियों को प्रत्यक्ष रूप से स्वरोजगार का अवसर मिलेगा तथा उनकी आय में वृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे।

जिला प्रशासन का मानना है कि यह हाट ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल व्यापार का केंद्र नहीं होगा, बल्कि आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण का सशक्त मंच भी बनेगा। यहां जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने उत्पादों की बिक्री कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगी और स्थानीय स्तर पर उनके उत्पादों को एक स्थायी बाजार उपलब्ध होगा।

जीविका दीदी हाट में उपभोक्ताओं को एक ही परिसर में ताजी सब्जियां, मौसमी फल, किराना सामग्री, डेयरी उत्पाद, मछली एवं मांस, जन औषधि, स्टेशनरी सामग्री, सिलाई से जुड़े उत्पाद, श्रृंगार सामग्री, कृषि उत्पाद सहित दैनिक उपयोग की शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे जहां उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर आवश्यक वस्तुएं आसानी से मिल सकेंगी, वहीं ग्रामीण महिला उद्यमियों को भी अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। हाट के संचालन को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पांच सदस्यीय प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। वहीं दुकानों के आवंटन में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लॉटरी प्रणाली अपनाई जाएगी, ताकि सभी पात्र जीविका दीदियों को समान अवसर मिल सके।
हाट के सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को जीविका जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण सह सूचना केंद्र में एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय विशेषज्ञों ने जीविका दीदियों एवं संबंधित अधिकारियों को हाट संचालन, दुकान प्रबंधन, लेखा-जोखा, वित्तीय अनुशासन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण तथा व्यवसाय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वाभिमान संकुल संघ की जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संचालन से जुड़ी बारीकियों को समझा।
जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन का भौतिक निरीक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है और हाट शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जीविका दीदी हाट के शुरू होने से न केवल ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को भी नई पहचान और स्थाई बाजार मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ जिले में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment