जमुई/बिहार। मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल के ब्लड बैंक परिसर में लायंस क्लब जमुई एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जमुई शाखा के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नवीन कुमार ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आईएमए एवं लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर आईएमए के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन प्रसाद, सचिव डॉ. नेहाल अहमद, लायंस क्लब के अध्यक्ष राजीव रंजन भालोटिया, सचिव डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, जिला 322 ई के संयुक्त कोषाध्यक्ष श्रीकांत केशरी तथा कोषाध्यक्ष लायन अनुपम कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है। आपके द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचाने में सहायक हो सकता है। इससे बड़ा कोई परोपकार और मानव सेवा का कार्य नहीं हो सकता।” उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, शल्य चिकित्सा एवं थैलेसीमिया जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए रक्त जीवनदायिनी भूमिका निभाता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए।
रक्तदान शिविर में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से प्रभावित जिलाधिकारी ने घोषणा की कि निकट भविष्य में जिला प्रशासन, लायंस क्लब एवं आईएमए के संयुक्त तत्वावधान में एक मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस बल के जवानों को भी शामिल किया जाएगा ताकि जिले में रक्त की उपलब्धता को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
वहीं आईएमए के सचिव डॉ. नेहाल अहमद ने कहा कि जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं सड़क दुर्घटनाओं के शिकार मरीजों के लिए नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता पड़ती है। कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे रक्तदान शिविर इस समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
लायंस क्लब जमुई के अध्यक्ष राजीव रंजन भालोटिया ने कहा कि क्लब समाजहित एवं मानव सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहा है। रक्तदान शिविर भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
शिविर में लायंस क्लब के सदस्यों, आईएमए से जुड़े चिकित्सकों, युवा समाजसेवियों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. ओम भगत, डॉ. अंजनी कुमार सिन्हा, लायन डॉ. विजय श्री, लायन डॉ. अमर मोदी, लायन सुजीत कुमार विश्वकर्मा सहित अनेक चिकित्सक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई तथा लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया गया।







