जमुई रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी राहत - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 16 मई 2026

जमुई रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

जमुई/बिहार। जमुई रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत होने से जिले के लोगों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अरुण भारती और बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। लंबे समय से जिले के लोगों की मांग रही थी कि जमुई स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन का ठहराव मिले, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि जिले की रेल कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।

जमुई रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव को जिले के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सांसद अरुण भारती ने कहा कि यह लंबे समय से जिलेवासियों की मांग थी, जिसे केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के सहयोग से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन का जमुई में ठहराव मिलने से न केवल यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा, बल्कि जिले की कनेक्टिविटी भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। सांसद ने कहा कि आने वाले समय में जमुई को रेल सुविधाओं के क्षेत्र में और भी नई सौगातें दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।

बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि जमुई रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव पूरे जिले के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे जमुई और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली, पटना और हावड़ा जैसे बड़े शहरों तक बेहतर और तेज यात्रा सुविधा मिलेगी। मंत्री ने कहा कि यह केवल एक ट्रेन का ठहराव नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, व्यापार और रोजगार के अवसरों को नई गति देने वाला कदम है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय को इसका श्रेय देते हुए कहा कि जनता की सुविधाओं के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

इस मौके पर कई राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गा केसरी, जदयू जिला अध्यक्ष शैलेंद्र महतो, तारापुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंदन सिंह सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्थानीय प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा आम नागरिक भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

रेल प्रशासन की ओर से भी इस अवसर पर विशेष तैयारियां की गई थीं। दानापुर मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्टेशन पर सुरक्षा एवं संचालन व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। स्टेशन परिसर में रेल जीआरपी, स्थानीय पुलिस और मलयपुर थाना की टीम भी तैनात रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जमुई रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि स्टेशन पर अब तक टीटीई की स्थायी पोस्टिंग नहीं है। इसके बावजूद वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से आठ टीटीई की तैनाती की गई थी। इस अस्थायी व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों के बीच रेलवे प्रशासन की तैयारियों पर सवाल भी उठे। लोगों का कहना है कि जब इतनी महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव दिया गया है, तो स्टेशन पर स्थायी रूप से आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह का सादगीपूर्ण अंदाज भी चर्चा का विषय बना रहा। वे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हुए ट्रेन से ही पटना से जमुई पहुंचीं। मंत्री का यह कदम लोगों के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा गया। आम यात्रियों के साथ सफर कर उनका स्टेशन पहुंचना स्थानीय लोगों को काफी प्रभावित करता नजर आया।

वंदे भारत एक्सप्रेस के जमुई में ठहराव से जिले और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली तथा हावड़ा रूट पर तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है। अब यात्रियों को बड़े शहरों तक पहुंचने के लिए कम समय लगेगा, जिससे व्यापार, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यात्रा करने वाले लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

स्थानीय लोगों ने इसे जमुई जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका मानना है कि वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन का ठहराव मिलने से जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी। साथ ही पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और निवेश के अवसरों में भी वृद्धि की संभावना है। रेलवे के इस निर्णय से जमुई सहित आसपास के कई जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलने जा रहा है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment