जीके जीनियस पब्लिक स्कूल में पौधारोपण अभियान, छात्रों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

रविवार, 17 मई 2026

जीके जीनियस पब्लिक स्कूल में पौधारोपण अभियान, छात्रों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प

कोल्हुआ/गिद्धौर (Kolhua/Gidhaur), 17 मई 2026, रविवार : पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और पूर्वजों के सम्मान का संदेश लेकर चल रही साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई की 541वीं निरंतर रविवारीय साइकिल यात्रा रविवार को उत्साह और सामाजिक सरोकारों के साथ गिद्धौर प्रखंड के कोल्हूआ गांव पहुँची। इस अवसर पर यात्रा से जुड़े सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा स्वर्गीय योगेश मिश्र की पुण्य स्मृति में हरित श्रद्धांजलि अर्पित की।

जानकारी के अनुसार यह साइकिल यात्रा श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम से प्रारंभ हुई और विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत कोल्हूआ गांव स्थित जीके जीनियस पब्लिक स्कूल परिसर पहुँची। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और प्रकृति के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय परिसर में कई पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर साइकिल यात्रा से जुड़े सक्रिय सदस्य लड्डू मिश्रा के बड़े पिता स्वर्गीय योगेश मिश्र की पुण्य स्मृति में विशेष रूप से पौधारोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने इसे “हरित श्रद्धांजलि” बताते हुए कहा कि प्रकृति की सेवा और पौधारोपण किसी भी दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हो सकती है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नई पीढ़ी में अपने पूर्वजों, शिक्षकों और संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदस्य लड्डू मिश्रा ने कहा कि आज के दौर में युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों और युवाओं में अपने पूर्वजों के प्रति आदर, जिम्मेदारी और सामाजिक मूल्यों की भावना विकसित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रकृति की रक्षा करना और पौधे लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

वहीं विद्यालय के प्राचार्य सोनू कुमार मिश्रा ने “एक पौधा, एक छात्र” के संकल्प के साथ बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को पौधे को श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में लगाना चाहिए तथा उसकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि यदि हर विद्यार्थी एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाले समय में पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर में उपस्थित बच्चों ने पौधारोपण कर उसे संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। इस दौरान साइकिल यात्रा के सदस्यों ने बच्चों को स्वच्छ वातावरण, हरियाली और जल संरक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर मिलेनियम स्टार फाउंडेशन के अध्यक्ष सुशांत साईं सुंदरम, विद्यालय कर्मी धीरज कुमार, विवेक कुमार साव, विकास कुमार साव, विद्यार्थी प्रतिज्ञा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, आकृति कुमारी, आकांक्षा कुमारी, शिवम कुमार, सुमित कुमार, अभिषेक कुमार, अमित कुमार, पीयूष कुमार, ऋतिक कुमार, गोलू कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, तरुण कुमार सिन्हा, अमरेंद्र नाथ शर्मा, पंकज कुमार, विवेक कुमार, सचिन कुमार, अमृता कुमारी, सत्या राज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ किया गया।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment