गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 2 मई 2026, शनिवार : जमुई जिले में जन सुराज पार्टी (Jan Suraaj Party) ने अपने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती (Manoj Bharti) ने जिला स्तर पर नई टीम की औपचारिक घोषणा की।
इसी क्रम में गिद्धौर निवासी नीलम मेहता को जन सुराज पार्टी की महिला इकाई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके चयन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस अवसर पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नीलम मेहता ने कहा कि वह पार्टी द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संगठन से जोड़ना और उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना मेरी प्राथमिकता होगी। जन सुराज पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए मैं पूरी मेहनत करूंगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जल्द ही एक मजबूत जिला महिला कमिटी का गठन कर पार्टी को नई दिशा देने का कार्य किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि वे आगामी 15 दिनों के भीतर अपनी-अपनी जिला कमिटी का गठन कर उसकी सूची क्षेत्रीय कमिटी को सौंपें। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार से पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी तथा आने वाले समय में इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया गया। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि यह नियुक्तियां भागलपुर क्षेत्रीय कोर कमिटी की अनुशंसा के आधार पर अंतिम रूप से तय की गई हैं।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि नई टीम के गठन से जिले में जन सुराज पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्राप्त होगी।






