गिद्धौर में अतिक्रमण पर सख्त हुआ प्रशासन, दुकानदारों को अंतिम चेतावनी - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

बुधवार, 6 मई 2026

गिद्धौर में अतिक्रमण पर सख्त हुआ प्रशासन, दुकानदारों को अंतिम चेतावनी

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 6 मई 2026, बुधवार : जिले में सुचारू यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी जमुई के निर्देश मिलते ही गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया गया। इस अभियान के तहत स्थानीय प्रशासन ने बाजार क्षेत्र सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी।

अभियान का नेतृत्व अंचल अधिकारी आरती भूषण और थानाध्यक्ष राशि मलिक ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान गिद्धौर-झाझा बस स्टैंड, मुख्य राजमार्ग, जमुई रोड, लार्ड मिंटो टॉवर के समीप तथा अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे तत्काल प्रभाव से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी अंचल कार्यालय द्वारा नोटिस जारी कर ऐसे लोगों को आगाह किया गया था, जिन्होंने अपने निजी क्षेत्र से बाहर बढ़कर सरकारी जमीन और सड़क किनारे अतिक्रमण कर रखा है। बावजूद इसके कई दुकानदारों द्वारा दोबारा अतिक्रमण कर लिया गया, जिससे बाजार में जाम और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

बुधवार को चले इस अभियान के दौरान कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया और अस्थायी ढांचे को हटाया गया। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
प्रशासन के इस कड़े रुख से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। बाजार क्षेत्र में अभियान की खबर फैलते ही कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। वहीं, आम लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बाजार क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और आम जनता को राहत मिलेगी।

स्थानीय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment