लक्ष्मीपुर : राम जानकी विवाह महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, 2100 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 9 मई 2026

लक्ष्मीपुर : राम जानकी विवाह महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, 2100 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

लक्ष्मीपुर/जमुई। प्रखंड क्षेत्र के काला गांव स्थित ठाकुरवाड़ी प्रांगण में शुक्रवार को राम जानकी मंदिर में प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय राम जानकी विवाह महायज्ञ का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन के पहले दिन गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

2100 महिलाओं और कन्याओं ने लिया कलश यात्रा में हिस्सा
महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर आयोजित भव्य कलश सह शोभायात्रा में 2100 महिलाओं एवं कन्याओं ने भाग लिया। पीले और लाल पारंपरिक वस्त्रों में सजी महिलाएं सिर पर कलश लेकर पदयात्रा में शामिल हुईं। यह यात्रा ठाकुरवाड़ी प्रांगण से प्रारंभ होकर पूरे काला गांव का भ्रमण करते हुए जिनहरा-असोता मार्ग से त्रिवेणी घाट पहुंची। वहां वैदिक आचार्य संजय पांडे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में पवित्र जल भरवाया गया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल तक पहुंचे।
गाजे-बाजे और भजनों से गूंजता रहा गांव
कलश यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे एवं धार्मिक भजनों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भगवान श्रीराम और माता जानकी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। गांव की सड़कों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार आकर्षण का केंद्र बनी रही। यात्रा मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों एवं समाजसेवियों द्वारा पेयजल और शरबत की व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

डॉ. नीरज साह ने किया यज्ञ मंडप का उद्घाटन
इस धार्मिक आयोजन में जिले के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डा. नीरज साह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर यज्ञ मंडप का उद्घाटन किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
महायज्ञ को सफल बनाने में ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही। आयोजन समिति के साथ हरि बल्लभ यादव, उदय यादव, सुनील यादव, शशि कुमार सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया। आयोजन समिति ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment