जमुई में सरकारी शिक्षक पर जानलेवा हमला, बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शुक्रवार, 29 मई 2026

जमुई में सरकारी शिक्षक पर जानलेवा हमला, बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 29 मई 2026, शुक्रवार : जमुई जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए सरकारी शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया। शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे बरहट थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने सरकारी शिक्षक गौतम कुमार दास को गोली मार दी। गोली उनके दाहिने कंधे में लगी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घायल शिक्षक की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया गांव निवासी गौतम कुमार दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वे सरकारी शिक्षक हैं और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग लखीसराय जिले में है।

स्टेशन जाने के दौरान अपराधियों ने घेरा
जानकारी के अनुसार गौतम कुमार दास शुक्रवार की सुबह बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान मोहनपुर गांव के पास से ही एक संदिग्ध बाइक उनका पीछा कर रही थी। बाइक पर तीन लोग सवार थे, जो लगातार उनकी बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे।

शिक्षक को जब शक हुआ तो उन्होंने अपनी बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके दाहिने कंधे में लगी, जिससे वे बाइक से नीचे गिर पड़े।

हेलमेट ने बचाई जान
घायल शिक्षक गौतम कुमार दास ने बताया कि गोली लगने के बाद अपराधियों ने उनके सिर में भी गोली मारने की कोशिश की। हालांकि उसी समय उनका हेलमेट नीचे गिर गया था। उन्होंने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए हेलमेट पहन लिया और गांव की ओर भागने लगे।

उन्होंने बताया कि कुछ दूरी तक अपराधियों ने उनका पीछा किया, लेकिन बाद में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। शिक्षक ने बताया कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे नकाब से ढक रखे थे, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही बरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल घायल शिक्षक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मुखिया मां ने लगाया धमकी देने का आरोप
घायल शिक्षक की मां मोहनी देवी स्थानीय मुखिया हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले मुकेश कुमार नामक व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी थी। वहीं घायल शिक्षक गौतम कुमार दास ने इस हमले के पीछे राजनीतिक विरोधियों का हाथ होने की आशंका जताई है। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
पुलिस कर रही छापेमारी
मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।

इस संबंध में सतीश सुमन ने बताया कि बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने शिक्षक को गोली मारी है। घायल शिक्षक का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इलाके में दहशत, लोगों ने उठाए सवाल
सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment