गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 29 मई 2026, शुक्रवार : मैत्री करुणा नेत्रालय के सामने शुक्रवार को हुई तेज आंधी और बारिश के बाद भारी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के आगे पानी जमा हो जाने से मरीजों, उनके परिजनों तथा आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे विशेषकर बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को अधिक परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल के सामने लंबे समय से जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। क्षेत्र में नाला का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पाता और अस्पताल के आगे स्थित कच्चे मिट्टी वाले मैदान में जमा हो जाता है। हल्की बारिश में भी यहां जलभराव की स्थिति बन जाती है, जबकि तेज बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं।
लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति देखने को मिलती है, लेकिन अब तक अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। जलजमाव के कारण अस्पताल परिसर के आसपास गंदगी और फिसलन भी बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल के सामने जल्द से जल्द पक्के नाले का निर्माण कराया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दिनों में मरीजों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।







