ट्रेन में नशाखुरानी का शिकार यात्री गिद्धौर में भर्ती, पहचान तमिलनाडु निवासी के रूप में हुई - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

ट्रेन में नशाखुरानी का शिकार यात्री गिद्धौर में भर्ती, पहचान तमिलनाडु निवासी के रूप में हुई

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 10 अप्रैल 2026, शुक्रवार : रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। ट्रेन में नशाखुरानी गिरोह के शिकार हुए एक यात्री को अचेत अवस्था में गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर उतारा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, उक्त व्यक्ति ट्रेन से सफर कर रहा था, इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। गिद्धौर स्टेशन पर उसकी स्थिति संदिग्ध देखकर किसी सजग व्यक्ति ने मानवता का परिचय देते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वह पूरी तरह से होश में नहीं आया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पहचान के दौरान उक्त व्यक्ति का नाम गणेशन बताया गया है, जो तमिलनाडु राज्य के थेनि जिला अंतर्गत रोयप्पनपट्टी गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय पी. मुरुगन बताया जा रहा है। इतनी दूर दक्षिण भारत से बिहार तक उसकी यात्रा किन परिस्थितियों में हुई और वह किस ट्रेन में सवार था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना की पुलिस सक्रिय हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशाखुरानी की घटना किस स्थान पर हुई और इसमें शामिल गिरोह कौन है। साथ ही, पीड़ित के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास भी किया जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों को सतर्क रहने की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित किया है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के बावजूद नशाखुरानी गिरोह सक्रिय हैं, जिससे यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Post Top Ad -