गिद्धौर में सेंधमारी की बड़ी वारदात, 32 हजार नकद व डेढ़ लाख के जेवरात पर चोरों का हाथ साफ - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

बुधवार, 15 अप्रैल 2026

गिद्धौर में सेंधमारी की बड़ी वारदात, 32 हजार नकद व डेढ़ लाख के जेवरात पर चोरों का हाथ साफ

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 15 अप्रैल 2026, बुधवार : थाना क्षेत्र के पूर्वी गुगुलडीह पंचायत अंतर्गत जलगोड़वा गांव में सोमवार रात चोरों ने सेंधमारी कर एक घर को निशाना बनाते हुए नकद राशि समेत लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर ली। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलगोड़वा गांव निवासी उमेश यादव के घर अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए घर के पिछले हिस्से की दीवार काटकर कमरे में प्रवेश किया। उस समय गृहस्वामी अपने परिवार के साथ रोज की तरह खाना खाकर घर की छत पर सोने चले गए थे, जबकि उनकी बुजुर्ग मां मुख्य दरवाजे के पास सो रही थीं।

चोरों ने कमरे में घुसकर बक्शे का ताला तोड़ा और उसमें रखे 32 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी सोने की कानबाली, चांदी की पायल और कमरधनी समेत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा कांसा के बर्तन, नए कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी चोर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी परिवार को सुबह उस समय हुई जब बच्चे छत से नीचे उतरकर कमरे में पहुंचे। वहां दीवार कटी हुई और सामान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

पीड़ित उमेश यादव ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।

Post Top Ad -