गिद्धौर में श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ का भव्य स्वागत, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ माहौल - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

गुरुवार, 19 मार्च 2026

गिद्धौर में श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ का भव्य स्वागत, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ माहौल

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 19 मार्च 2026, गुरुवार : आध्यात्मिक चेतना, प्रेम और मानव सेवा का संदेश लेकर निकली श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा का जमुई जिले में आगमन होने के बाद गिद्धौर में भव्य स्वागत किया गया। बुधवार को झाझा पहुंचने के बाद यह रथ गुरुवार को गिद्धौर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इसका अभिनंदन किया। पूरे क्षेत्र में रथ यात्रा के आगमन से भक्तिमय वातावरण बन गया और जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

यह रथ यात्रा श्री सत्य साईं सेवा संगठन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसका नेतृत्व जमुई जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार कर रहे हैं। गिद्धौर पहुंचने के बाद मौरा पंचायत के मुखिया धनराज यादव की देखरेख में रथ ने बंधौरा और मौरा गांवों का परिभ्रमण किया, जहां स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ रथ का स्वागत किया। इसके बाद रथ गिद्धौर स्थित सनातन संस्कृति महायज्ञ मंडपम पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई।

जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में यह रथ यात्रा निकाली जा रही है। 18 मार्च को यह रथ झाझा पहुंचा था और वहां ठहराव के बाद गुरुवार को गिद्धौर पहुंचा। यहां श्री सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
रथ की भव्यता लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। स्वर्ण नक्काशी और गेंदे के फूलों से सुसज्जित इस रथ पर सत्य साईं बाबा की मनमोहक तस्वीर के साथ उनका संदेश “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो” अंकित था। रथ के चारों ओर लिखे गए प्रेरणादायी विचार लोगों को जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रहे थे।

साईं भक्तों में इस रथ यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। श्रद्धालु रितेश कुमार ने बताया कि सत्य साईं बाबा का जीवन और उनके उपदेश मानवता की सेवा और करुणा का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रेम और सेवा का संदेश समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है और इस रथ यात्रा के माध्यम से यही संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

बताया गया कि यह रथ यात्रा विश्व शांति, भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकाली गई है। जहां-जहां यह रथ पहुंच रहा है, वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और लोग इसे बाबा का आशीर्वाद मानते हुए श्रद्धा के साथ दर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के समापन के बाद शुक्रवार को यह रथ जमुई से प्रस्थान कर नालंदा जिले के लिए रवाना हो जाएगा। गिद्धौर में इस रथ यात्रा के आगमन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया और लोगों के बीच प्रेम, सेवा और एकता का संदेश मजबूत किया।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment