जमुई/गिद्धौर। गिद्धौर थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के लापता होने के मामले में पुलिस की तत्परता से सुखद अंत हुआ है। लखीसराय जिले के निवासी एक व्यक्ति की पत्नी, जो बिना बताए घर से निकल गई थी, उसे पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीसराय जिले के प्रतापपुर, खुरियारी गांव निवासी जानकी यादव की पत्नी अतरत देवी (51 वर्ष) मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं और वे अचानक घर से बिना किसी को बताए निकल गई थीं। परिजन उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे, इसी बीच गिद्धौर थाना पुलिस को महिला के बारे में सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
बाद में पहचान सुनिश्चित होने पर महिला को उनके पति जानकी यादव को सौंप दिया गया। इस दौरान जानकी यादव ने बताया कि वे अपनी पत्नी को गिद्धौर थाना से सही-सलामत अपने साथ घर ले जा रहे हैं तथा उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जयप्रकाश सिंह ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
स्थानीय लोगों ने इस कार्य के लिए गिद्धौर थाना पुलिस की सराहना की है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समय पर की गई पुलिस कार्रवाई से किसी भी संभावित अनहोनी को टाला जा सकता है और जरूरतमंदों को समय रहते सहायता मिल सकती है।






