जमुई/बिहार। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की जमुई जिला इकाई द्वारा सोमवार, 23 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस (अतिथि गृह) में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार के केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए खेल क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधानों की सराहना की और साथ ही जमुई में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जीवन सिंह, रवि शंकर पासवान, चंदन सिंह, दीपक सिंह, रंजन सिंह तथा युवा नेता रितिक रोशन ने संयुक्त रूप से कहा कि जमुई के लोकप्रिय सांसद अरुण भारती द्वारा उठाई गई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की मांग सराहनीय और दूरदर्शी पहल है, जिसका पार्टी पूरी तरह समर्थन करती है।
नेताओं ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में ‘खेलो इंडिया मिशन’ के नए चरण के लिए 924.35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो देश के युवाओं और उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। इसके साथ ही खेल सामग्री निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग’ के लिए 500 करोड़ रुपये की विशेष योजना को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि इससे न केवल खेल क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में खेल क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोर दिया कि इन योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा जब इसे बड़े शहरों तक सीमित न रखकर ग्रामीण और पिछड़े इलाकों तक भी पहुंचाया जाए।
इसी संदर्भ में नेताओं ने जमुई लोकसभा क्षेत्र की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि यहां के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन पर्याप्त संसाधनों और आधारभूत संरचना के अभाव में यह प्रतिभा निखर नहीं पाती। उन्होंने मांग की कि जमुई में एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के साथ-साथ एक अत्याधुनिक बहु-खेल परिसर (मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) का निर्माण कराया जाए।
वक्ताओं ने कहा कि यदि जमुई में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम स्थापित होता है, तो यह न केवल जिले के खेल परिदृश्य को नई दिशा देगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा। साथ ही छोटे व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरणा मिलेगी।
नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के ‘खेलेगा इंडिया, तभी तो खिलेगा इंडिया’ के विज़न के तहत जमुई को यह महत्वपूर्ण सौगात अवश्य मिलेगी।
प्रेस वार्ता की जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष जीवन सिंह ने बताया कि पार्टी आगामी दिनों में इस मांग को और मजबूती से उठाएगी, ताकि जमुई के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।






