गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 29 मार्च 2026, रविवार : रविवार को गिद्धौर स्थित ऐतिहासिक पंच मंदिर के समीप सामुदायिक भवन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का बोध होता है।
इस अवसर पर भाजपा के जिला मंत्री शंभू कुमार केसरी, जिला कोषाध्यक्ष अजय पासवान, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष ताहिर अंसारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद यादव, झाझा विधानसभा संयोजक बिंदेश्वरी साह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने पार्टी के इतिहास, विचारधारा और वर्तमान योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला कार्यकारिणी समिति सदस्य भैयालाल माथुरी, कार्यालय मंत्री राजेश मंडल, गिद्धौर के पूर्व मंडल अध्यक्ष अवध साव, रंजीत साव, मिथलेश सिंह, मंडल उपाध्यक्ष राजीव कुमार साह (पिंकू) एवं चंदन केसरी, मंडल महामंत्री अंतर्यामी झा एवं शिवशंकर तांती, युवा मोर्चा महामंत्री सोनू सिंह और संजीव पांडेय समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण महाअभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण देकर उन्हें जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाना है।






