नए कनेक्शन, बिल सुधार व लोड बढ़ाने सहित सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध
गिद्धौर (जमुई)। विद्युत शक्ति उपकेंद्र गिद्धौर कार्यालय की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च तक विशेष शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई है। विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कार्यालय अवधि में अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाकर बिजली से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
विद्युत आपूर्ति विभाग, गिद्धौर द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर के तहत 21 फरवरी 2026 को दो स्थानों पर शिविर लगाया जाएगा। पहला कैंप गिद्धौर के गुगुलडीह तथा दूसरा धनियाठिका में आयोजित होगा। शिविर का समय स्थानीय कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित किया गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, शिविर में उपभोक्ताओं को नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन, बिजली बिल जमा करने की सुविधा, बिल सुधार, लोड वृद्धि, मीटर संबंधी समस्याओं का समाधान, नाम सुधार, बकाया जानकारी एवं अन्य विद्युत सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों ने बताया कि कई उपभोक्ताओं को बिल में त्रुटि, मीटर रीडिंग या लोड से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए यह विशेष पहल की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
विभाग ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित कैंप में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं। आवश्यक दस्तावेज जैसे पूर्व का बिजली बिल, पहचान पत्र एवं संबंधित कागजात साथ लाने की सलाह दी गई है। विद्युत विभाग के इस विशेष शिविर से क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







