गिद्धौर/जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र के गंगरा गांव में भूमि विवाद को लेकर एक महिला द्वारा मारपीट, धमकी एवं निर्माण कार्य ध्वस्त करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में गंगरा निवासी आशा देवी, पति मोहन राम ने थाना में लिखित आवेदन देकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन में आशा देवी ने बताया है कि उनकी स्वयं की जमीन, जिसका विवरण खाता संख्या 10, खसरा संख्या 147, रकबा 11 डिसमिल, मौजा गंगरा, हल्का गंगरा, जमाबंदी संख्या 198153100036428 दर्ज है, पर वे लगभग दस दिनों से मकान निर्माण का कार्य करा रही थीं। इसी दौरान गांव के ही जनार्दन सिंह (पिता स्व. रामेश्वर सिंह), पिंटू सिंह, संतोष सिंह, संजीव सिंह, बाबू सिंह तथा उनके भैसुर भारत राम द्वारा निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई गई।पीड़िता का आरोप है कि उक्त लोगों ने निर्माण कार्य को जबरन रुकवाने का प्रयास किया और पहले से किए गए निर्माण को क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर उनकी पुत्री के साथ मारपीट की गई तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी धमकाया गया। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने भविष्य में निर्माण कार्य जारी रखने पर जान से मारने की धमकी दी है।
घटना के बाद भयभीत आशा देवी ने थाना पहुंचकर सुरक्षा एवं न्याय की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि वे अपनी जमीन पर शांतिपूर्वक निर्माण कार्य कर सकें।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु समाचार लिखे जाने तक आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच प्रारंभ किए जाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में भूमि विवाद की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले का शीघ्र समाधान कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाया जाए और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखी जाए।






