गिद्धौर/जमुई। रविवार को गिद्धौर स्थित पंच मंदिर प्रांगण में हिंदू संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के जिला प्रचारक ने मुख्य रूप से भाग लेकर कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शंभू कुमार केशरी ने की।
बैठक का उद्देश्य संगठन को सशक्त बनाना तथा समाज के विभिन्न आयामों पर जागरूकता बढ़ाना था। जिला प्रचारक ने अपने संबोधन में सामाजिक समरसता को समाज की एकता का आधार बताते हुए कहा कि बिना आपसी सौहार्द और भाईचारे के मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का आह्वान किया।
अपने वक्तव्य में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे कार्यों को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है।
इसके साथ ही कुटुंब प्रबोधन, स्व आधारित जीवनशैली और नागरिक कर्तव्यबोध जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मजबूत परिवार व्यवस्था ही सशक्त समाज की नींव है, और प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम में कुमार गौतम भारद्वाज, डॉ. संजय मंडल, राजाबाबू केशरी, रंजीत साव, रामानंद बरनवाल, महेश बरनवाल, सोनू सिंह, चंदन केशरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को और सक्रिय एवं संगठित बनाने के संकल्प के साथ किया गया।








