जमुई/बिहार। बीते शनिवार की देर शाम पुलवामा हमले (ब्लैक डे) की बरसी पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दक्षिण बिहार नगर इकाई, जमुई के तत्वावधान में भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कैंडल मार्च की शुरुआत श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम परिसर से की गई, जो कचहरी चौक तक पहुँचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारों के साथ वातावरण को भावुक बना दिया।
कचहरी चौक पर दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 14 फरवरी 2019 को हुआ पुलवामा आतंकी हमला देश के इतिहास का एक काला दिन है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है और युवा पीढ़ी को उनके त्याग से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सत्यम कुमार, शांतनु सिंह, अभिनव दुबे, गोलू कुमार, विवेक कुमार, अमित रंजन कुमार, अभिमन्यु कुमार एवं सिंटू कुमार सहित कई छात्र-कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कैंडल मार्च के माध्यम से परिषद के सदस्यों ने शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।







