जमुई : लठवा पहाड़ इलाके से हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री की बड़ी खेप बरामद - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

बुधवार, 4 फ़रवरी 2026

जमुई : लठवा पहाड़ इलाके से हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री की बड़ी खेप बरामद

जमुई/बिहार। जिले के दुर्गम और नक्सल प्रभावित गिद्धेश्वर पहाड़ क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। गिद्धेश्वर रेंज के लठवा पहाड़ इलाके में चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान एसएसबी ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई से नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जमुई के ‘ए’ समवाय, परासी को 2 फरवरी 2026 को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गिद्धेश्वर रेंज अंतर्गत लठवा पहाड़ क्षेत्र में अज्ञात नक्सलियों ने अवैध हथियार, कारतूस और विस्फोटक निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री छिपा रखी है। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। एसपी द्वारा मंगलवार को इस पूरे अभियान की पुष्टि की गई।

प्राप्त सूचना के आधार पर 16वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री अनिल कुमार पठानिया के निर्देशन में एक विशेष तलाशी अभियान दल का गठन किया गया। इस दल का नेतृत्व समवाय कमांडर सहायक कमांडेंट मनु सिंह बेनीवाल ने किया। अभियान दल में एसएसबी के कुल 20 प्रशिक्षित जवानों के साथ स्थानीय थाना गरही के आरक्षी संतोष कुमार भी शामिल थे, ताकि अभियान को संयुक्त रूप से प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सके।

घने जंगल, पहाड़ी रास्तों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान एसएसबी को बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद हुई। बरामद हथियारों में 12 बोर लॉन्ग बैरल देशी बंदूक (नट न होने के कारण बट खुला हुआ) एक नग, लॉन्ग बैरल मस्कट (नट न होने से बट खुला हुआ) एक नग तथा 18 इंच का देशी कट्टा एक नग शामिल है। इसके अलावा आयरन चेक वाल्व (एक साइड से बंद) कुल 20 नग बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग नक्सली डायरेक्शनल माइन जैसे घातक विस्फोटक उपकरण बनाने में कर सकते थे।

हथियारों के साथ-साथ नक्सलियों के दैनिक उपयोग और ठहराव से जुड़ी सामग्री भी जब्त की गई है। इनमें नक्सली वर्दी के दो सेट, एक प्लास्टिक तारपोलिन, दवाइयों सहित एक फर्स्ट एड किट, एक सर्दी की चादर, एक बैग तथा एक स्टील प्लेट शामिल है। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि यह इलाका नक्सलियों के लिए अस्थायी ठिकाने या मूवमेंट एरिया के रूप में उपयोग किया जा रहा था।
एसएसबी द्वारा सभी हथियारों और सामग्री को पूरी सुरक्षा और सावधानी के साथ पहाड़ से बाहर निकाला गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गरही थाना में विधिवत जमा करा दिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह सामग्री किन नक्सली संगठनों से संबंधित है।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि गिद्धेश्वर पहाड़ और आसपास के क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा बलों की सतर्कता, मजबूत खुफिया तंत्र और समय पर की गई कार्रवाई के कारण नक्सलियों की योजनाओं को लगातार विफल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में और भी सघन सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सशस्त्र सीमा बल और स्थानीय पुलिस द्वारा जिले में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री की बरामदगी की जा चुकी है। ताजा कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि सुरक्षा बल नक्सलियों के मंसूबों को कुचलने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं और जिले में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

Post Top Ad -