गिद्धौर बाजार में व्यवसायी परिवार पर जानलेवा हमला, 3 गंभीर रूप से घायल, 1 की हालत नाजुक - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

गिद्धौर बाजार में व्यवसायी परिवार पर जानलेवा हमला, 3 गंभीर रूप से घायल, 1 की हालत नाजुक

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 3 फरवरी 2026, मंगलवार : गिद्धौर प्रखंड एवं थाना क्षेत्र अंतर्गत गिद्धौर बाजार में सोमवार की देर शाम आपसी लेन-देन के विवाद ने अचानक उग्र और हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में पड़ोसियों द्वारा एक व्यवसायी परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मारपीट की इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें एक युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता अनिता देवी ने गिद्धौर थाना में दिए गए अपने लिखित आवेदन में बताया है कि सोमवार की देर संध्या उनके पति अरुण वर्णवाल, पुत्र अमन कुमार एवं रमन कुमार अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सतेंद्र ठाकुर, शालो ठाकुर, उनकी पत्नी पिंकी देवी, चांदनी ठाकुर, राहुल ठाकुर सहित चार-पांच अन्य लोग अचानक दुकान में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने एकजुट होकर लाठी-डंडा, रॉड एवं धारदार हथियार से हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने अरुण वर्णवाल एवं उनके दोनों पुत्रों पर बेरहमी से हमला किया। बीच-बचाव करने पर रमन कुमार पर लाठी से जोरदार वार किया गया, जिससे उनका पैर टूट गया। वहीं अमन कुमार पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान छिनतई की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार अमन कुमार की हालत लगातार बिगड़ती देख डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर करने की सलाह दी है। फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अरुण वर्णवाल सहारा इंडिया के एजेंट के रूप में जमा-निकासी का कार्य करते हैं और साथ ही अपने घर पर किराना दुकान भी चलाते हैं। बताया जा रहा है कि सहारा इंडिया में जमा राशि एवं दुकान से उधारी के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था, जो अंततः सोमवार की संध्या हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।

इधर, पीड़िता द्वारा गिद्धौर थाना में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इस संबंध में गिद्धौर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने बताया—
मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के उपरांत जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Post Top Ad -