गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 5 फरवरी 2026, गुरुवार : गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी संदीप कुमार ने अपने 58 वर्षीय पिता किशोर गुप्ता उर्फ मुशंडी जी के 23 जनवरी से लापता होने को लेकर गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से उनकी शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
पुत्र संदीप कुमार द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, उनके पिता किशोर गुप्ता उर्फ मुशंडी जी की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है। बताया गया है कि 23 जनवरी को वे बिना किसी को बताए अचानक घर से निकल गए थे। काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 25 जनवरी को परिजनों को जानकारी मिली कि किशोर गुप्ता लखीसराय के पुरानी बाजार इलाके में रहने वाले अपनी बहन के बेटे के पास पहुंचे थे। इस दौरान फोन पर संपर्क भी हुआ, जिससे परिजनों को कुछ राहत मिली। हालांकि, बाद में यह पता चला कि वे वहां से भी बिना किसी को बताए कहीं और निकल गए।
इसके बाद से परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश की, लेकिन 31 जनवरी तक किशोर गुप्ता का कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार प्रयासों के बावजूद उनके घर न लौटने से परिवार की चिंता और बढ़ती जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर संदीप कुमार ने गिद्धौर थाना में आवेदन देकर पुलिस से अपने लापता पिता की जल्द से जल्द खोज कर सुरक्षित बरामदगी कराने की अपील की है। थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है। फिलहाल परिजन किसी भी तरह की सूचना मिलने की उम्मीद में हैं और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।







