गिद्धौर/जमुई। कड़ाके की ठंड के बीच मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए मिलेनियम स्टार फाउंडेशन द्वारा गिद्धौर प्रखंड के कोल्हुआ पंचायत अंतर्गत भोलानगर मुसहरी में व्यापक वस्त्रदान अभियान का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम का नेतृत्व फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार झा ने किया। अभियान के तहत क्षेत्र के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण किया गया, जिससे ठंड से जूझ रहे दर्जनों महादलित परिवारों को राहत मिली।
राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक कार्यों में सक्रिय मिलेनियम स्टार फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर गर्म वस्त्र उपलब्ध कराए गए। ठंड से राहत पाकर बुजुर्गों के चेहरे पर संतोष और सुकून साफ झलक रहा था, वहीं बच्चों को चॉकलेट मिलने से उनके चेहरों पर मासूम मुस्कान खिल उठी। पूरा माहौल सेवा, करुणा और मानवीय भावनाओं से ओत-प्रोत नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार झा ने कहा कि “सेवा परमो धर्म है। समाज का वह वर्ग जो आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, उसकी मदद करना केवल संस्था का नहीं बल्कि हम सभी का नैतिक दायित्व है। मिलेनियम स्टार फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है और यह अभियान उसी संकल्प का हिस्सा है।”
इस अवसर पर स्थानीय प्रबुद्धजनों ने भी फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में मिलेनियम स्टार फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सुशांत साईं सुंदरम, जिला सचिव कुमारी दीपा, सदस्य सौरभ कुमार, अक्षय सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं फाउंडेशन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर फाउंडेशन की ओर से यह संकल्प दोहराया गया कि भविष्य में भी इसी तरह जनहित, सेवा और मानव कल्याण से जुड़े अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचती रहे और समाज में सहयोग व संवेदनशीलता की भावना मजबूत हो।






