गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 1 जनवरी 2026, गुरुवार : अयोध्या धाम स्थित श्री राम मंदिर में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ “प्रतिष्ठा द्वादशी” के पावन अवसर पर बुधवार की देर शाम गिद्धौर के ऐतिहासिक पंचमंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से परिपूर्ण दीपोत्सव कार्यक्रम एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन का आयोजन सनातन संस्कृति सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत वैदिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजन कार्य पंडित उत्तम कुमार झा उर्फ राजा बाबू द्वारा संपन्न कराया गया। इसके पश्चात स्थानीय गायक एवं वादक गणेश राय के नेतृत्व में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कराया गया। सामूहिक पाठ के दौरान पूरा पंचमंदिर परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया।
दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर और आसपास दीप प्रज्वलित कर भगवान श्री राम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। दीपों की रोशनी से पंचमंदिर परिसर जगमगा उठा और धार्मिक उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
इस आयोजन को सफल बनाने में सनातन संस्कृति सेवा समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रमुख रूप से सोनू कुमार रावत, सुशांत साईं सुंदरम, बिट्टू कुमार रावत, रॉकी कुमार, धीरज कुमार, विकास मथुरी, आकाश कुमार सोनू, मिथलेश कुमार, आशीष कुमार गुप्ता, अमित कुमार, सत्यम केशरी, प्रिंस कुमार, कुमार राज सहित अन्य कार्यकर्ता पूरे समय व्यवस्था में जुटे रहे।
कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। राजेश कुमार उर्फ पाजो जी, डॉ. संजय मंडल, सुभाष राम सहित कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की।
वहीं महिलाओं और युवतियों की भी बड़ी भागीदारी रही। राजलक्ष्मी पांडेय, नैना कुमारी, परी रावत, कुमारी आस्था, दीक्षा रावत, सीमा राय, ज्योति रावत, ममता बरनवाल, सरिता बरनवाल, लवली रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से दीप जलाए और हनुमान चालीसा पाठ में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। श्रद्धालुओं ने भी भविष्य में इस तरह के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की मांग की।






