गिद्धौर/जमुई। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गिद्धौर स्थित झाझा विधायक दामोदर रावत के आवास पर धूमधाम से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद सिंह के द्वारा पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज के इस ऐतिहासिक दिन पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए अपने-अपने स्तर से ईमानदारी और निष्ठा के साथ योगदान दें।
उन्होंने आगे कहा कि देश की प्रगति में संविधान की भूमिका सर्वोपरि है और हमें इसके मूल आदर्शों न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का भी संकल्प लिया गया।
ध्वजारोहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें जद(यू) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






