चकाई : बिचकोरवा थाना में डीएम–एसपी का जन संवाद, आम लोगों के प्रति प्रशासन संवेदनशील - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

गुरुवार, 8 जनवरी 2026

चकाई : बिचकोरवा थाना में डीएम–एसपी का जन संवाद, आम लोगों के प्रति प्रशासन संवेदनशील

चकाई/जमुई (Chakai/Jamui), 8 जनवरी 2025, गुरुवार : चकाई प्रखंड अंतर्गत बिचकोरवा थाना परिसर में गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त पहल के तहत जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। जन संवाद में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में पहल करना था। जन संवाद के दौरान लोगों ने भूमि विवाद, सड़क, बिजली, पेयजल, वृद्धा पेंशन, आवास योजना, थाना स्तर की शिकायतें तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि “प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना हमारी प्राथमिकता है। जन संवाद के माध्यम से हमें वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है, जिससे योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को और बेहतर बनाया जा सकता है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव नहीं है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाया जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कानून-व्यवस्था और पुलिस–जन सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि “पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होना बेहद जरूरी है। यदि लोग बिना भय के अपनी बात रखते हैं, तो अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने में काफी मदद मिलती है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

जन संवाद के दौरान एसपी ने थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा भी की और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि इस तरह के जन संवाद आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद बना रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

Post Top Ad -