बरहट/जमुई। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बरहट थाना प्रभारी कुमार संजीव को उनके सराहनीय कार्य और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया है। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें 2000 रुपये का नगद पारितोषिक प्रदान कर उत्साहवर्धन किया। यह सम्मान थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनहित में किए गए कार्यों को देखते हुए दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बरहट थाना परिसर में साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की भी विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और अनुशासित थाना न केवल आम लोगों में सकारात्मक संदेश देता है, बल्कि पुलिस कर्मियों के कार्य वातावरण को भी बेहतर बनाता है। उन्होंने थाना प्रभारी कुमार संजीव और उनकी पूरी टीम को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए बधाई दी और इसी तरह आगे भी कार्य करते रहने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को बरहट थाना से प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने-अपने थाना परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित और आम जनता के लिए मैत्रीपूर्ण बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को समय-समय पर सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनमें कार्य के प्रति और अधिक लगन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।
सम्मान प्राप्त करने के बाद बरहट थाना प्रभारी कुमार संजीव ने पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार पूरी थाना टीम की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने आगे भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनसेवा एवं पुलिसिंग के कार्य को बेहतर ढंग से करने की प्रतिबद्धता जताई।







