बिहार सरकार में जमुई विधायक श्रेयसी सिंह बनेंगी मंत्री, गिद्धौर में जश्न का माहौल - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

गुरुवार, 20 नवंबर 2025

बिहार सरकार में जमुई विधायक श्रेयसी सिंह बनेंगी मंत्री, गिद्धौर में जश्न का माहौल

पटना/जमुई/गिद्धौर (Patna/Jamui/Gidhaur), 20 नवंबर 2025, गुरुवार : बिहार की राजनीति में युवाशक्ति और नई उम्मीद का चेहरा बनकर उभरीं जमुई की दूसरी बार निर्वाचित विधायक श्रेयसी सिंह (Jamui MLA Shreyasi Singh) को इस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की नई मंत्रिपरिषद में स्थान मिलने जा रहा है। भाजपा (BJP) कोटे से मंत्री बनाए जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। जैसे ही यह खबर सार्वजनिक हुई, गिद्धौर और पूरे जमुई जिले में उत्सव और जश्न का माहौल फैल गया।

श्रेयसी सिंह का राजनीतिक और सामाजिक सफर किसी साधारण पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि समृद्ध राजनैतिक विरासत से आता है। उनका संबंध गिद्धौर राजघराने के चंदेल राजवंश से रहा है। उनके पिता स्व. दिग्विजय सिंह भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे, वहीं उनकी मां पुतुल देवी बांका से सांसद रह चुकी हैं। इसी विरासत और अपने व्यक्तिगत कद के बल पर श्रेयसी ने कम समय में बिहार की राजनीति में मजबूत पहचान बनाई है।

राजनीति में आने से पहले श्रेयसी सिंह का नाम खेल जगत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक चुका था। वह विश्वस्तरीय निशानेबाज हैं और देश के लिए कई पदक जीत चुकी हैं। उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों को देखते हुए वर्ष 2018 में भारत सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित 'अर्जुन अवॉर्ड' से सम्मानित किया था।
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में श्रेयसी सिंह ने एक बार फिर अपने लोकप्रियता और जनसमर्थन का असर दिखाया। उन्होंने महागठबंधन (Mahagathbandhan) समर्थित राजद प्रत्याशी मो. शमशाद आलम को 54,498 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया।
श्रेयसी सिंह को मिले वोट : 1,23,868
शमशाद आलम को मिले वोट : 69,370

चुनाव में प्रचंड जीत के बाद श्रेयसी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान वे अपने साथ जमुई के प्रसिद्ध घनबेरिया गांव के पेड़ा लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं। उनकी यह सरल और आत्मीय पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

अब जब श्रेयसी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की पुष्टि हो चुकी है, तब गिद्धौर प्रखंड समेत पूरे जमुई जिले में समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। युवाओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि श्रेयसी एक युवा, प्रभावशाली और जमीनी नेता के रूप में तेजी से उभर रही हैं। एनडीए (NDA) सरकार में उनके शामिल होने को राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी बड़ा कदम माना जा रहा है, खासकर महिला नेतृत्व और जातीय संतुलन को साधने के दृष्टिकोण से।

उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान में अपने दसवें कार्यकाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, और इसी समारोह में श्रेयसी सिंह भी मंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। जमुई और गिद्धौर आज की तारीख में केवल राजनीतिक रूप से नहीं, बल्कि भावनाओं से भी गदगद है, क्योंकि उनकी बेटी एक बार फिर राज्य की सत्ता के केंद्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है।

Post Top Ad -