जमुई/बिहार। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से 16 अगस्त से 20 सितंबर तक राज्यव्यापी राजस्व महाअभियान शुरू हो गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनकी जमीन से जुड़े दस्तावेजों की त्रुटि सुधार, उत्तराधिकार नामांतरण, बंटवारा नामांतरण और छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन करने की सुविधा घर-घर तक पहुँचाना है।
जमुई जिले में अभियान का शुभारंभ होते ही व्यापक स्तर पर तैयारियां की गईं। जिलाधिकारी श्री नवीन स्वयं अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जमुई अंचल एवं खैरा प्रखंड के रायपुरा पंचायत का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
• घर-घर पहुँचेंगी राजस्व टीमें
डीएम श्री नवीन ने बताया कि नामित कर्मी घर-घर जाकर लोगों को प्रपत्र देंगे और तीन दिन बाद से इन प्रपत्रों की प्राप्ति की जाएगी। इसके बाद पंचायतवार शिविरों में आवेदन पत्रों की जांच और निस्तारण होगा। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतवार रोस्टर के अनुसार प्रपत्र वितरण और शिविर आयोजन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
• इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
इस महाअभियान के दौरान नागरिकों को निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध होंगी —
• डिजिटाइज्ड जमाबंदी में त्रुटि सुधार
• छूटी हुई जमाबंदी का ऑनलाइन अंकन
• उत्तराधिकार नामांतरण
• संयुक्त संपत्ति का बंटवारा नामांतरण
• नाम, खाता, खेसरा, रकबा, लगान जैसी अशुद्धियों का सुधार
• सभी आवेदन पंचायत के सरकारी भवनों में आयोजित हल्का शिविरों में स्वीकार किए जाएंगे।
• पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक चरण में समयबद्धता, पारदर्शिता और नागरिक सुविधा का पालन हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और भूमि सुधार उप-समाहर्ता लगातार निरीक्षण करेंगे। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिदिन का प्रतिवेदन विभागीय पोर्टल पर अपलोड करें और उसकी एक प्रति जिला राजस्व शाखा में भी जमा करें।
• आम जनता के लिए राहत
इस अभियान से आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। अब वे घर पर ही प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं और नजदीकी शिविरों में आवेदन जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://biharbhumi.bihar.gov.in एवं जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विस्तृत सूचना उपलब्ध है।