खैरा/जमुई, 18 मई 2025, रविवार : जिले में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को खैरा प्रखंड के चुआं पंचायत स्थित केवल फरीयत्ता गांव में राधिका ग्राम संगठन के द्वारा महिला संवाद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने भाग लिया और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को जाना।
महिला संवाद कार्यक्रम ने अब तक 649 ग्राम संगठनों तक पहुँच बनाकर 13,000 से अधिक महिलाओं की आकांक्षाओं को दर्ज किया है। यह कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त बनाने और ग्राम स्तर पर विकास की दिशा तय करने के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरा है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा, “एक महिला जब पढ़ती है, आगे बढ़ती है, तो उसका पूरा परिवार आगे बढ़ता है। आज जीविका के माध्यम से महिलाएं न सिर्फ आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि समाज में भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।” उन्होंने महिलाओं को अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं खुलकर रखने के लिए प्रेरित किया।
सिन्धु देवी ने बीड़ी बनाने से हो रही स्वास्थ्य समस्याओं का मुद्दा उठाया और वैकल्पिक रोजगार की मांग की। साथ ही ग्रामीणों ने सड़कों, नालों, स्कूल, आवास, पुस्तकालय, शौचालय, नल-जल योजना, सोलर लाइट और जीविका भवन की जरूरतें भी रखीं।
इस अवसर पर जीविका से जुड़ी कई महिलाओं ने अपनी प्रेरणादायक सफलताएं साझा कीं। बैंक मित्र के रूप में काम कर रही प्राची ने बताया कि जीविका से जुड़कर ही वह पढ़ाई कर पाईं और अब उनका चयन बिहार पुलिस में हुआ है। कृषि उद्यमी संगीता देवी, एसजेवाई लाभार्थी बिंदु भारती, और मुन्नी देवी ने भी समूह से मिले सहयोग से अपनी आत्मनिर्भरता की कहानियां साझा कीं।
जिला पदाधिकारी श्रीमती शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में सामने आई समस्याओं और आकांक्षाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर एसडीओ अभय कुमार तिवारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बिरेन्द्र कुमार, लोक शिकायत पदाधिकारी राम दुलार राम, ओएसडी अमु अमला, जीविका परियोजना प्रबंधक संजय कुमार समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि महिला संवाद कार्यक्रम राज्य भर में 18 अप्रैल से ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और ग्राम स्तर पर उनकी भागीदारी को मजबूत करना है।