जमुई/बिहार, 21 मई 2025, बुधवार : बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निर्देशानुसार राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में 19 मई से 7 दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप 2025 की शुरुआत हुई। इस समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई समझ को विकसित करना, संवाद कौशल को बेहतर बनाना और भारतीय भाषाओं के प्रति रुचि उत्पन्न करना है। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी मार्गदर्शिका के अनुसार समर कैंप में विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक और शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है।
इन गतिविधियों में कहानी लेखन, संवाद निर्माण, रोल-प्ले, स्थानीय व्यंजनों की जानकारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, चित्रकला, नृत्य, लोकगीत, ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी, प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की कहानियाँ आदि शामिल हैं। प्रत्येक दिन के लिए एक विशेष विषय तय किया गया है, जैसे – पहले दिन बुनियादी अभिव्यक्ति और भाषा की गतिविधियाँ की गई, जबकि दूसरे दिन वास्तविक जीवन संवाद अभ्यास किया गया। तीसरे दिन कला आधारित गतिविधियाँ, चौथे दिन स्थानीय व्यंजनों की जानकारी, पांचवें दिन सांस्कृतिक नायकों से परिचय, छठे दिन ऐतिहासिक स्थलों और नदियों की जानकारी और अंतिम दिन बच्चों द्वारा प्रस्तुति और प्रमाण-पत्र वितरण किया जाएगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी जमुई द्वारा जिले के सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन सुनिश्चित करें तथा कैंप से संबंधित फोटो और रिपोर्ट गूगल ट्रैकर के माध्यम से अपलोड करें। इस पहल का उद्देश्य नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों में बहुभाषावाद को बढ़ावा देना और उन्हें स्थानीय भाषा एवं संस्कृति से जोड़ना है।