जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 20 अप्रैल 2025, रविवार : “साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई (रजिस्टर्ड)” संस्था की पहल अब रंग लाने लगी है। अपने नियमित रविवारीय यात्रा के 485वें रविवार को संस्था के सदस्यों ने नगर परिषद के खैरमा ग्राम का दौरा किया। यहां पूर्व में लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया गया, जो अब पांच छोटे-छोटे बगीचों का रूप ले चुके हैं। सदस्यों ने इन प्रयासों को सफल बताते हुए लोगों से अनुपयोगी भूमि पर पौधारोपण करने की अपील की।
संस्था के सदस्य हर्ष कुमार सिन्हा ने इस मौके पर कहा, "जब मेहनत का ऐसा सकारात्मक परिणाम सामने आता है तो और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है।" उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की और कहा कि यह अभियान केवल हरियाली का नहीं, बल्कि भविष्य सुरक्षित करने का संदेश है।
इस रविवार की साइकिल यात्रा श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से प्रारंभ होकर शास्त्री कॉलोनी, सतगामा होते हुए खैरमा ग्राम तक पहुंची। यहां आशीष सिन्हा की निजी भूमि पर नए पौधे लगाए गए। आशीष सिन्हा ने कहा कि "यदि आपकी भूमि का कोई भविष्य में उपयोग नहीं है, तो उस पर पौधारोपण अवश्य करें। यह न केवल पर्यावरण को शुद्ध करेगा बल्कि आने वाले वर्षों तक फल, फूल, लकड़ी और छाया भी देगा।"
संस्था के सदस्य गोलू कुमार ने बताया कि प्रकृति और पर्यावरण का महत्व प्राचीन काल से रहा है। उन्होंने कहा, "हमारे देश में नदियां, पेड़-पौधे, ग्रह-नक्षत्र आदि सभी पूजनीय रहे हैं। लेकिन आज विकास की अंधी दौड़ में यह सब नुकसान झेल रहे हैं। हमें अब इनका संरक्षण सामूहिक रूप से करना होगा।"
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों के साथ कई ग्रामीण भी मौजूद थे, जिनमें गोलू कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, राकेश कुमार, शुभम सिंह, विवेक कुमार, बजरंगी लाल, दिवाकर कुमार, प्रभाकर कुमार, अंकित कुमार, नंदन कुमार, आशीष सिन्हा, सिद्धार्थ सिन्हा, राहुल कुमार, दिलीप कुमार, विशाल कुमार और मोहित कुमार शामिल थे।
“साइकिल यात्रा एक विचार” की यह मुहिम न केवल पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रही है, बल्कि समाज को एक नई दिशा देने का कार्य भी कर रही है।