Breaking News

6/recent/ticker-posts

जमुई : धूमधाम से मनाया गया जिला स्थापना दिवस एवं स्व. श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह

जमुई (Jamui), 21 फरवरी : जमुई स्थित श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर मंगलवार को जिला स्थापना दिवस एवं स्वतंत्रता सेनानी स्व. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह उल्लास और उमंग के वातावरण में मनाया गया। समारोह की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी स्व. श्रीकृष्ण सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण से हुआ। उल्लेखनीय है कि 21 फरवरी उनका जयंती दिवस है।

माल्यर्पण के उपरांत बिहार सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह , जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह , एडीएम सत्येंद्र कुमार मिश्र , नगर परिषद अध्यक्ष मो. हलीम , पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह समेत कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मंचासीन हुए और संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं गुब्बारा उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। सीबीएसई मान्यता प्राप्त ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की बेटियों ने बैंड वादन , राष्ट्रगान और स्वागत गान के जरिए कार्यक्रम को भव्यातिभव्य बनाया वहीं कस्तूरबा विद्यालय चकाई की छात्राओं ने आदिवासी नृत्य का खूबसूरती के साथ प्रदर्शन कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया।

बिहार सरकार के मंत्री श्री सिंह एवं जिला कलेक्टर श्री सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम के दरम्यान विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए चुनिंदा शख्सियतों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर उन सबों का हृदयतल से बहुमान किया और सभी सम्बंधित जनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान ग्रहण करने वालों में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा , उत्क्रमित मध्य विद्यालय कल्याणपुर की शिक्षिका सुधा रानी , प्रसिद्ध नृत्यांगना एंजेलिका , जिला के जाने - माने पत्रकार एवं उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार , जैविक खेती से सम्बंध रखने वाले सुमंत कुमार सुमन , ग्रीन पीस के प्रधान संतोष कुमार सुमन , उत्क्रमित मध्य विद्यालय सखिकुरा के छात्र आर्यन कुमार , दृष्टि दिव्यांग राजीव भारती , आपदा प्रबंधन से सम्बंधित लाभार्थी आत्मा प्रसाद कामता , सीताराम यादव आदि के नाम शामिल हैं।

जिला स्थापना दिवस एवं स्वतंत्रता सेनानी स्व. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर स्टॉल लगाया और इसके जरिए जिला में संचालित विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया। अतिथियों ने स्टॉल का मुआयना कर विकास को करीब से देखा और कर्मियों का हौसला अफजाई किया। स्टॉल को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता देखी गई।

बिहार सरकार के मंत्री सुमित कुमार सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि परम पूज्य बाबा (स्व.श्रीकृष्ण सिंह) के सपनों का जमुई और बिहार बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उन्हें नमन करते हुए कहा कि आज जमुई की धरती पर बिजली , सिंचाई , बस डिपो आदि का पुख्ता इंतजाम कर वे अमर हो गए हैं। श्री सिंह ने जाति , धर्म , सम्प्रदाय से ऊपर उठकर जमुई का तेजी से विकास किए जाने का संकल्प व्यक्त किया।


जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह ने स्व. सिंह को नमन करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में उनकी अग्रिम भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर शिक्षा , स्वास्थ्य , सिंचाई , बिजली , पेयजल , कृषि , स्वरोजगार आदि के क्षेत्र में संचालित योजनाओं की विस्तार से चर्चा की और उपलब्धियों को गिनाया।


श्री सिंह ने नक्सलवाद की विशेष तौर पर चर्चा करते हुए कहा कि अब जमुई जिला इससे लगभग मुक्त हो गया है। कुछ ग्राम पंचायतों को छोड़कर इनका नामोनिशान मिट गया है। पूरे जिले में समान रूप से विकास की बयार बहने लगी है। उन्होंने जिलावासियों से अमन चैन के लिए सकारात्मक सहयोग की अपील की।


पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह ने कहा कि स्व. श्रीकृष्ण बाबू बिहार में समाजवाद के प्रमुख आधार स्तंभ थे। आज़ादी की लड़ाई में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।


एडीएम सत्येंद्र कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया वहीं मंच संचालन का दायित्व जिला उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने बखुबी से निभाया और अतिथियों एवं श्रोताओं के प्रशंसा के पात्र बने।


इस अवसर पर जिला भूअर्जन पदाधिकारी कुमार अनुज , एसडीएम अभय कुमार तिवारी , वरीय उप समाहर्त्ता रवि प्रकाश गौतम , सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक सूरज कुमार , जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी आर. के. दीपक , उत्पाद अधीक्षक संजीव कुमार ठाकुर , डीपीओ सीमा कुमारी , सोनी कुमारी , बीडीओ श्रीनिवास , राघवेंद्र त्रिपाठी , प्रभात रंजन , विवेक कुमार , जेपी सेनानी राजेश कुमार सिंह , समाजसेवी मनोज कुमार सिंह , अशोक कुमार सिंह , भवानी सिंह , श्यामा पांडे , पूर्व मुखिया नारायण सिंह समेत कई पदाधिकारी एवं भारी संख्या में आमजन उपस्थित थे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ