ब्रेकिंग न्यूज

6/recent/ticker-posts

जमुई : गणतंत्र दिवस पर होगा मैत्रीपूर्ण क्रिकेट, जिला प्रशासन और अधिवक्ता संघ के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

जमुई (Jamui), 20 जनवरी : गणतंत्र दिवस 2023 को यादगार बनाने के लिए 26 जनवरी को अपराह्न में स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला जाएगा। खेल की तैयारी जारी है।

जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को गरिमा प्रदान किए जाने के लिए इस बार मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाना है। 10 ओवर के निर्धारित मैच में पहले समाहरणालय के कर्मी अपना तेवर दिखाएंगे फिर जिला प्रशासन और अधिवक्ता संघ के नामित खिलाड़ी अपने जौहर का प्रदर्शन करेंगे।
पहला मैच दोपहर 12 बजे शुरू होगा जो अपराह्न 02 : 00 बजे तक खेला जाएगा। तदुपरांत जिला प्रशासन और अधिवक्ता संघ के खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे और पूरे जज्बे तथा जुनून के साथ क्रिकेट खेलेंगे।

उन्होंने दोनों मैच के लिए निर्धारित 10 - 10 ओवर तय किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे और उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। डीएम ने कहा कि मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में शामिल खिलाड़ियों एवं अन्य सम्बंधित जनों को पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने जिला प्रशासन , अधिवक्ता संघ और समाहरणालय कर्मियों की टीम के कप्तान को 24 जनवरी तक खिलाड़ियों का चयन कर लिए जाने का संदेश देते हुए कहा कि इसकी सूची आयोजन समिति के सम्मानित सदस्य डॉ. निरंजन कुमार को हस्तगत कराएंगे। श्री सिंह ने क्रिकेट मैच के जरिए राष्ट्रीय पर्व को यादगार बनाए जाने की बात कही।

उधर मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच को लेकर रणभेरी सजने लगा है। सभी संभावित खिलाड़ी अपने अपने अंदाज में दावे करने लगे हैं। दावा की सच्चाई का खुलासा 26 जनवरी को होना तय है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ