Breaking News

6/recent/ticker-posts

जमुई : तरंग मेधा स्पोर्ट्स उत्सव और दक्ष–2022 के सफल आयोजन के लिए हुई बैठक



जमुई (Jamui), : शारिरिक शिक्षा उपाधीक्षक सह जिला खेल पदाधिकारी आर. के. दीपक की अध्यक्षता में समाहरणालय के संवाद कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई , जिसमें बिहार सरकार कला संस्कृति एवं युवा विभाग के निर्देश तथा जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह के आदेश पर जमुई जिला में तरंग मेघा स्पोर्ट्स उत्सव और जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता दक्ष 2022 के सफल आयोजन को लेकर गम्भीरतापूर्वक विचार किया गया। 

        

जिला खेल पदाधिकारी श्री दीपक ने बताया कि सर्वप्रथम प्रखंड स्तर पर तरंग मेघा स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है , जिसमें जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के 12 , 14 एवं 17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका हिस्सा लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।  प्रखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को अहर्ता के आधार पर जिला स्तरीय खेल (तरंग) में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रखंड स्तर पर तरंग प्रतियोगिता के भी आयोजन किए जाने की जानकारी दी।

    


शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक ने आगे  बताया कि 12 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में 60 मीटर की गति दौड़ , 300 मीटर दौड़ , लंबी कूद एवं लेदर ड्यूस बॉल थ्रो प्रतियोगिता , 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए एक सौ मीटर गति दौड़ , 800 मीटर दौड़ , बॉल थ्रो , लंबी कूद एवं 17 वर्ष के आयु वर्ग के बालक बालिकाओं के लिए एक सौ मीटर गति दौड़ , 800 मीटर दौड़ एवं ऊंची कूद आदि प्रतियोगिता निर्धारित है। 


विद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2022 का आयोजन प्रखंड स्तर पर 13 - 17 दिसंबर तक निर्धारित किया गया है जिसमें अंडर -14 , अंडर -17 एवं अंडर -19 आयु वर्ग के छात्र - छात्रा फुटबॉल , खो खो , कबड्डी , कुश्ती , वॉलीबॉल , क्रिकेट , एथलेटिक्स , ताइक्वांडो , कराटे , शतरंज आदि खेलों में हिस्सा लेंगे। प्रखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ी जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में 22 से 24 दिसंबर तक भाग लेंगे। यहां चयन के उपरांत उन्हें राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नामित किया जाएगा।

   

शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक ने बताया कि प्रखंड स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिता के लिए गठित आयोजन समिति के अध्यक्ष संबंधित प्रखंड के बीडीओ होंगे जबकि वहां के थानाध्यक्ष उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। इनकी ही निगरानी में संपूर्ण खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। उन्होंने तय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हर संभव प्रयास किए जाने की बात कही।

    

एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने मौके पर कहा कि तरंग मेधा सपोर्ट उत्सव और दक्ष 2022 का सफल आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बीडीओ और थानाध्यक्ष को निदेशित करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए खेल मैदान पर सजग और सचेत रहें। श्री तिवारी ने अस्पताल के उपाधीक्षक को आयोजन स्थल पर मेडिकल टीम प्रतिनियुक्त किए जाने का निर्देश दिया।

        

डीईओ कपिलदेव तिवारी ने बीईओ को निदेशित करते हुए कहा कि  खेल प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु खेल मैदान को पूर्णरूपेण तैयार कराएं। बच्चों को आने - जाने के साथ उनकी देखभाल के लिए यथोचित व्यवस्था किया जाना है। वे संबंधित प्रखंड के बीडीओ से समन्वय स्थापित कर दायित्वों का निर्वहन करेंगे। प्रतिभगी छात्र - छात्राओं के आयु का  सत्यापन प्रतिनियुक्ति मेडिकल टीम के द्वारा किया जाना है। इस मामले में भी पारदर्शिता बरतनी है।

      

सभी बीडीओ, सभी बीईओ, खेल संघों के प्रतिनिधि, नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक समेत अधिकांश शारिरिक शिक्षकों ने बैठक में हिस्सा लिया और तय कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ