Breaking News

6/recent/ticker-posts

जमुई : मुलायम सिंह यादव के निधन पर बुद्धिजीवियों ने व्यक्त किया शोक

जमुई (Jamui), 10 अक्टूबर : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को सुबह में निधन हो गया। उनके निधन से जमुई शोकाकुल है।

जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष अश्विनी कुमार यादव ने देश के पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर अंतस से शोक प्रकट किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हो गया है। श्री यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स रखने का संदेश दिया।

जमुई की विदुषी सुता और नामदार समाजसेविका डॉ. स्मृति पासवान ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्घांजलि दी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के वयोवृद्ध नेता और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन हो जाने की ख़बर अति-दुःखद है। उनके परिवार और सभी शुभचिन्तकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।

उन्होंने आगे कहा कि उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। इस अपार दुःख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है।

मुलायम सिंह यादव के निधन पर जदयू जिलाध्यक्ष ई. शंभू शरण ने उन्हें श्रद्घांजलि देते हुए कहा कि नेताजी का जाना बेहद दुखद है। मैं नि:शब्द हूं। ऐसे विभूति धरती पर कभी कभार अवतरित होते हैं। नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जो देश को थाती सौंपी है, उसे बचाने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।

बीजेपी जिलाध्यक्ष कन्हैया कुमार सिंह ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का न रहना हम लोगों की व्यक्तिगत क्षति है। इसकी भरपाई नहीं हो सकती है। उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। गरीब और मजदूरों की ताकत बने। वर्षों से दबे-कुचले लोगों को आवाज उठाने की ताकत दी। मैं उन्हें अशेष श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष जीवन सिंह ने श्रद्घांजलि देते हुए कहा कि नेताजी के साथ समाजवादी आंदोलन के एक युग का अंत हो गया है। राजनीति की एक पीढ़ी समाप्त हुई है। इसकी भरपाई नहीं हो सकती है। नेताजी ने जो रास्ता दिखाया है, उस पर चलते हुए गरीबों मजदूरों की लड़ाई लड़ी जाएगी।

राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष सरयुग यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव के जाने से हम लोगों ने अपना अभिभावक खो दिया है। यह असहनीय पीड़ा है। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।

अधिवक्ता विभा कुमारी, डॉ. नंद किशोर प्रसाद यादव, शैलेश कुमार, सदानंद प्रसाद, राजीव कुमार सिंह उर्फ पप्पू जी आदि ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जीवात्मा की शांति हेतु प्रार्थना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ