Breaking News

6/recent/ticker-posts

गिद्धौर : पूजा समिति के संचालन में सक्रिय नजर आ रहीं अध्यक्ष सह मुखिया कला देवी

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 5 अक्टूबर
● रिपोर्ट : सुशांत साईं सुन्दरम
गिद्धौर का दुर्गा पूजा इलाके में अपनी अलग पहचान रखता है। नागी-नकटी व उलाई नदी के संगम तट पर गिद्धौर के चंदेल राजाओं ने दुर्गा मंदिर की स्थापना की थी। तब से अनवरत यहां प्रतिवर्ष आश्विन महीने में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जाती है। विजयादशमी के बाद शरद पूर्णिमा पर मां महालक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जाती है।

वर्ष 1996 में गिद्धौर महाराज ने इस मेले को जनाश्रित घोषित कर दिया और आयोजन की जिम्मेदारी स्थानीय ग्रामीणों को दे दी गई। इसके पहले तक यह आयोजन गिद्धौर राजपरिवार के सदस्यों द्वारा करवाया जाता था।

जनाश्रित होने के बाद पूजा समिति का गठन किया गया। इस समिति के नियमानुसार ग्राम पंचायत राज पतसंडा के मुखिया ही समिति के पदेन अध्यक्ष होते हैं। तब से अब तक ग्राम पंचायत राज पतसंडा के मुखिया के नेतृत्व में पूजा समिति के माध्यम से मेले का संचालन लगातार जारी है।

प्रत्येक पंचायत चुनाव में पतसंडा पंचायत के मुखिया बदल जाते हैं और इसी के साथ यहां के दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बदल जाते हैं। वर्ष 2021 में पंचायत चुनाव हुए और मुखिया के रूप में कला देवी निर्वाचित हुईं। इसी के साथ शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति के अध्यक्ष बन गए। हालांकि नवनिर्वाचित मुखिया को पूजा समिति के अध्यक्ष का दारोमदार वर्ष 2022 में मिला।

इस वर्ष दुर्गा पूजा व लक्ष्मी पूजा कार्यक्रम को निष्पादित करवाने में मुखिया सह अध्यक्ष कला देवी सक्रिय नजर आ रही हैं। समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष मुखिया कला देवी के पुत्र राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू साव मुस्तैदी से हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

पिंकू साव युवा होने के साथ-साथ स्वच्छ व विनम्र छवि के व्यक्ति हैं। उनके साथ शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति के कार्यकारिणी के सदस्यगण महती भूमिका निभाते दिख रहे हैं। मेला व मंदिर परिसर में किसी भी श्रद्धालु, दुकानदार या आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न् हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

मुखिया सह समिति की अध्यक्ष कला देवी पूर्व में ग्राम पंचायत राज पतसंडा की उप मुखिया भी रही हैं। वहीं राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू साव पैक्स में रहे हैं। इस कार्यानुभव से उन्हें कार्यक्रम संचालन व व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में सहूलियत हो रहा है। कला देवी भी नेपथ्य से समिति के संचालन की हर जिम्मेदारी निभा रही हैं और हर गतिविधियों की रिपोर्ट भी ले रही हैं।

वैसे तो इस वर्ष शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति में कई फेरबदल भी हुए। नियमतः मुखिया तो बदले ही, साथ ही कोषाध्यक्ष को भी बदल दिया गया। ईमानदार व साफ छवि के सुबोध कुमार केशरी को इस पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सचिव के पद पर लंबे समय से राजेश कुमार राजू बने हुए हैं।

कार्यकारिणी सदस्यों में बड़ी संख्या में युवाओं को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि नई पीढ़ी को समिति के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि आगामी समय में इन्हें जिम्मेदारी सौंपी जा सके। इसके लिए अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के मुख्य पदाधिकारियों के साथ-साथ उप-पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है।

पूरी समिति, कार्यकारिणी व संचालन के गतिविधियों को पंचायत की मुखिया व शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति की अध्यक्ष कला देवी एवं उनके पुत्र समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू साव खुद मोनीटर कर रहे हैं। नए समिति और नए नेतृत्व के कार्यकलापों से आम लोग भी संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ