गिद्धौर : सीएम के आगमन को लेकर तैयारी जारी, डीडीसी ने बैठक कर दिए टास्क - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

शनिवार, 7 दिसंबर 2019

गिद्धौर : सीएम के आगमन को लेकर तैयारी जारी, डीडीसी ने बैठक कर दिए टास्क


गिद्धौर/जमुई [सुशांत साईं सुन्दरम] :
दिसंबर के अंतिम सप्ताह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी है. इसे लेकर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अरुण कुमार ठाकुर की समीक्षात्मक बैठक गिद्धौर प्रखंड सह अंचल  कार्यालय के सभा भवन में शनिवार को आयोजित की गई. जिसमें सभी विभाग के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया.
उक्त बैठक में डीडीसी ने सभी पदाधिकारियों को कई टास्क दिए. जिनमें मुख्य रूप से पतसंडा एवं रतनपुर पंचायत में सरकारी योजनाओं का 90% लक्ष्य एवं शेष पंचायतों का 80% लक्ष्य अनिवार्य रूप से हासिल करने की बात कही गई. इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र में जल-जीवन-हरियाली पर फोकस करने की भी बात हुई. कुसमा आहर का जल छाजन योजना कार्य संभवत: पूर्ण हो गया है. वहीं जल-जीवन-बानगी योजना, जिसमें सभी किसान पौधों को मेड पर लगाते हैं, का कार्य किया जाएगा. इसके अलावा विद्यालय में वृक्षारोपण कार्य भी अनिवार्य रूप से करना है.

बैठक में कहा गया कि रतनपुर पंचायत के 2 वार्डों में सरकार की सभी योजनाओं को लागू किया जाएगा. साथ ही शेष सातों पंचायतों में भी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा. वहीं रतनपुर पंचायत में वार्ड संख्या 2 तथा 8 को छोड़कर सभी वार्डों में बोरिंग का कार्य पूरा हो गया है. जबकि शेष पंचायतों में कार्य प्रगति पर है. उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अरुण कुमार ठाकुर ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 60 वर्ष से ऊपर वाले वृद्ध व्यक्तियों में से कितनों को पेंशन मिला है तथा कितनों का पेंशन नहीं मिला है, इसकी संख्या उपलब्ध कराएंगे. इसके तहत सभी एपीएल तथा बीपीएल वालों को लाभ मिलेगा.
आईसीडीएस बाल विकास परियोजना पर भी बैठक में चर्चा हुई. डीडीसी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन केंद्र का अनुश्रवण करेंगे. बैठक में सात निश्चय योजना पर चर्चा की गई. उन्होंने टारगेट दिया कि सभी पंचायत में पानी टंकी एवं पाईप 20 दिसम्बर तक बिछ जाना चाहिए. जल-नल योजना के तहत पंचायत सचिव वार्ड सचिव को सुरक्षा हेतु चयन कर देंगे.

बैठक में गली-नली पर भी चर्चा की गई. साथ ही जीविका पर भी चर्चा हुई. डीडीसी ने निर्देश दिया कि सभी घरों में शौचालय होना चाहिए. इसके साथ ही प्रखंड के प्रत्येक पंचायतों में 6 यूनिट के दो-दो सामुदायिक शौचालय की उपलब्धता अनिवार्य रूप से होनी चाहिए. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं बिजली मीटर लगाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई. प्रखंड के सभी विद्यालयों में बिजली-मीटर एवं कनेक्शन है या नहीं इस पर भी ध्यान देना है. साथ ही इन आवश्यकताओं को भी यथाशीघ्र पूर्ण करना है.

इस बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अरुण कुमार ठाकुर, प्रखंड प्रमुख शम्भू कुमार केशरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कृष्णन, प्रशिक्षु बीडीओ भारती राज, अंचलाधिकारी अखिलेश कुमार सिन्हा ने हिस्सा लिया.
[Input : Abhishek Kumar Jha]

Responsive Advertisement