समस्तीपुर/पटना [सुशान्त साईं सुन्दरम] :
केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान के निधन के बाद खाली हुई समस्तीपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एनडीए समर्थित लोजपा प्रत्याशी प्रिंस राज ने जीत दर्ज की है। प्रिंस ने महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी अशोक कुमार को एक लाख से अधिक (102090) मतों से पराजित किया है। समस्तीपुर के सांसद रहे रामचंद्र पासवान के पुत्र प्रिंस राज ने अपनी जीत को जनता का प्यार बताते हुए एनडीए के सभी नेताओं का आभार जताया।
बता दें कि समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र उपचुनाव में गुरुवार को हुई मतगणना में प्रिंस ने शुरुआती दौर से ही बढ़त बना रखी थी और अंत तक इसे बरकरार रखा। ईवीएम के अलावा पोस्टल मतों में भी उन्हें बढ़त मिली। गिनती के दौरान प्रिंस हर राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार डॉ अशोक राम से ज्यादा बढ़त लेते रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रिंस के पिता रामचंद्र पासवान ने भी कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक राम को 2 लाख 50 हजार से अधिक वोटों से हराया था।लोजपा उम्मीदवार प्रिंस राज की जीत पर पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान ने समस्तीपुर की जनता के प्रति आभार प्रकट किया है।
पासवान ने ट्वीट किया, “समस्तीपुर उपचुनाव में मिली इस जीत में राजग के लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं की दिन रात की कड़ी मेहनत शामिल है। पूर्ण समर्थन के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के साथ तमाम राजग समर्थकों को धन्यवाद देता हूं।”
समस्तीपुर में लोकसभा उपचुनाव की जंग भी बड़ी रोचक थी। इस सीट से 11 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इसमें एनडीए से लोजपा प्रत्याशी प्रिंस राज, महागठबंधन की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ अशोक कुमार, युवा क्रांतिकारी पार्टी से रंजू देवी,वाजिव अधिकार पार्टी से विद्यानंद राम , निर्दलीय से सूरज दास, अनामिका, शशिभूषण दास, शैलेन्द्र चौधरी, निर्दोष कुमार, आनंद कुमार, आशा देवी शामिल थे।
प्रिंस राज की जीत से एलजेपी अपना गढ़ बचा पाने में कामयाब हो गई है। प्रिंस की इस जीत के बाद संगठन में भी उनको महत्वपूर्ण पद मिलने की संभावना है। समस्तीपुर लोकसभा उपचुनाव में लोजपा प्रत्याशी एवं अपने चचेरे भाई प्रिंस राज की जीत सुनिश्चित करने के लिए जमुई सांसद व लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी एड़ी चोटी एक कर चुनाव प्रचार किया। वहां के चुनाव प्रचार की पूरी कमान चिराग ने अपने हाथों में रखी थी। देशभर के विभिन्न स्थानों से लोजपा कार्यकर्ताओं को प्रचार के लिए बुलाया गया था।
उल्लेखनीय है कि लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान के निधन के कारण समस्तीपुर लोकसभा सीट खाली हुई थी। इस सीट पर पार्टी ने उनके पुत्र प्रिंस राज को टिकट दिया था। चिराग पासवान के बाद प्रिंस पासवान खानदान की नई पीढ़ी के दूसरे चेहरे हैं जो सांसद पहुंचे हैं। प्रिंस सांसद बनने वाले पासवान परिवार के पांचवे चेहरे हैं। वो राजनीति में नए हैं लेकिन पिता के निधन से खाली हुई सीट से उनको रामविलास पासवान ने मौका देकर राजनीति में उतार दिया है।