बांका : भगवान भास्कर के आगे नतमस्तक हो लोगों ने दिया छठ मैया को अर्घ्य - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - SR DENTAL, GIDHAUR

बुधवार, 14 नवंबर 2018

बांका : भगवान भास्कर के आगे नतमस्तक हो लोगों ने दिया छठ मैया को अर्घ्य


धोरैया/बांका (रमण सिंह) [Edited by: सुशान्त] :
उदयीमान सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ बुधवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। भगवान भास्कर को दूसरा अर्घ्य बुधवार की सुबह तकरीबन 5 बजे दिया गया। सुबह-सुबह जैसे ही भगवान भास्कर ने दर्शन दिए नदी, तालाब, तट पर मौजूद लोग उनके आगे नतमस्तक हो गये। ऐसा लग रहा था मानो लोग आस्था के आगे अपने सभी गिले-शिकवे नदी की धारा में प्रवाहित कर चुके हों।


इससे पूर्व मंगलवार की संध्या अ‌र्घ्य के दौरान भी आस्था अपने चरम पर रही। छठ पूजा के पहले अ‌र्घ्य के दिन मंगलवार की अपराह्न 3 बजे से ही लोगों का घाट पर पहुंचना शुरू हो गया था। शाम सवा चार बजे से ही लोगों ने नदी में स्नान कर भगवान भास्कर को नमन करना शुरू कर दिया तथा शाम 5 बजे से 5:17 के बीच सूर्यदेव को अ‌र्घ्य अर्पित किया गया।


 इस अवसर पर भक्तों ने विभिन्न जगहों में नदी-तालाब छठ घाटों पर जाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। पर्व को लेकर मंगलवार से ही प्रखंड के नदी-तालाबों में भक्तों की भीड़ लगी रही। कोई बैंड-बाजा के साथ तो कोई दंड देते हुए छठ घाटों पर पहुंचे। रविवार रात्रि में जागरण कर भक्तों ने समय बिताया। इस दौरान पटाखों व छठ मइया के भजनों से छठ घाट भक्तिमय बना रहा।


प्रखंड के घसिया, गहिरा नदी तट बटसार, देवदाड़, अटपहरा, गादीचक, गेरूआ, माहिला आदि नदी तट पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर अ‌र्घ्यदान किया। इधर, बुधवार को उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य के लिए चार बजे से ही लोगों का घाट पर पहुंचने लगे। इस दौरान रंग-बिरंगे नए लिबास में फुदकते बच्चे पर्व को लेकर काफी उत्साहित थे। जहां व्रती महिलाएं पूजन कार्य में मशगूल थीं।


 इस दौरान मौके पर महिलाओं द्वारा गाई जा रही पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था। सुबह-सुबह लोगों ने स्नान कर नए वस्त्र धारण करने के उपरांत सुपली में रखे गये फल सामग्री व प्रज्वलित दीप से लोगों ने सूर्य को नमन किया। वहीं, गाय के कच्चे दूध से भी लोगों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य अर्पित किया। छठव्रतियों के पैर छू कर आर्शीवाद लिया। छठ घाटों पर भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा। सुबह सात बजते ही पूरी भीड़ सन्नाटा में तब्दील हो गयी।


मकैता-बबुरा पंचायत के बबुरा में मुखिया प्रतिनिधि मजहर इमाम एवं ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित  जागरण कार्यक्रम का भी समापन हो गया। बीडीओ अभिनव भारती ने बताया कि सभी छठ घाटों पर शांति पूर्वक लोगों ने सूर्य देव को अ‌र्घ्य दिया।


वहीं छठ पर्व में शांति व्यवस्था बनी रहे इसको लेकर सीओ वीरेंद्र कुमार धोरैया एवं धनकुण्ड के विभिन्न छठ घाटों का मुआयना किया। महापर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए धोरैया थानाध्यक्ष राजेश कुमार एवं धनकुंड थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार झा पुलिस कर्मियों के साथ गश्ती पर तैनात रहे।

Post Top Ad -